आमतौर पर शारीरिक ताकत में पुरुषों को ताकतवर माना जाता है, जबकि महिलाओं को नाजुक समझा जाता है। लेकिन वो कहते हैं ना कि महिलाएं किसी भी मामले में पुरुषों से कम नहीं हैं। इस बात को एक महिला ने बिल्कुल सच साबित कर दिखाया है। दरअसल, इस महिला ने 180 किलो के पत्थर को अपने हाथों से उठाकर विश्व रिकॉर्ड तोड़ डाला और अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शुमार करवा लिया।

निकोल जेनरिच का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शुमार (X/@GWR)
महिला ने उठाया 180 किलोग्राम वजनी पत्थर
हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली महिला निकोल जेनरिच की। जो दुनिया की सबसे ताकतवर महिलाओं में शुमार हैं। उन्होंने हाल ही में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे सुनकर किसी के भी काम खड़े हो जाएंगे। दरअसल, निकोल ने 180 किलोग्राम यानी करीब 397 पाउंड वजनी एटलस पत्थर को उठाकर नया इतिहास रच दिया है। निकोल का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल कर लिया गया है। निकोल ने जितना यह वजन उठाया है, वह एक औसत बारहसिंगा (166 किलो) या पांडा भालू (150 किलो) से भी ज्यादा है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
सोचिए, इतना भारी पत्थर कंधे पर रखना कितना मुश्किल होगा! लेकिन निकोल ने इस हैरतअंगेज कारनामे को सच कर दिखाया। फिलहाल निकोल ऑस्ट्रेलिया की 'सबसे मजबूत महिला' का खिताब जीत चुकी हैं। निकोल ने यह कारनामा मई 2024 में मेलबर्न, विक्टोरिया में हुई लॉग डेडलिफ्ट स्टोन चैंपियनशिप में कर दिखाया था। रिकॉर्ड के नियम के मुताबिक, पत्थर को जमीन से उठाकर छाती की ऊंचाई पर रखी प्लेटफॉर्म पर रखना था। निकोल ने इसे बिना किसी परेशानी के पूरा कर दिया। अब निकोल का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स 2026 की किताब में चमकने वाला है।

180 किलो वजनी पत्थर उठाकर रखतीं निकोल जेनेरिच (X/@GWR)
