दुनिया

नेपाल में बूढी गंडकी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हड़कंप, कई घर बहे, नदी किनारे बसे लोगों को अलर्ट

नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई घर बह गए। प्रशासन ने रविवार सुबह नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Image

बूढ़ी गंडकी नदी के किनारे बसे इलाकों में अलर्ट

Photo : ANI

नेपाल के गोरखा जिले में रविवार तड़के बूढी गंडकी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस घटना के बाद रविवार सुबह प्रशासन ने नदी के आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नदी में अचानक बढ़ा पानी, कई घरों को नुकसान

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4 बजे से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा था। बाढ़ के साथ मिट्टी और गाद भी बहकर आई। हालांकि, पानी का स्तर अचानक बढ़ने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में सिउरिबास के ऊपर लैंडस्लाइड हुई। इसके बाद नदी के बहाव में अचानक बदलाव आने की आशंका है।

सुबह चार बजे से बढ़ने लगा नदी का जलस्तर

चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नारायण सपकोटा के मुताबिक, रविवार सुबह करीब चार बजे से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा था। पानी के तेज बहाव की आवाज भी काफी दूर तक सुनाई दे रही थी। उगिलुंग और सियार नदियों में भी पानी का स्तर बढ़ा है। अधिकारियों को आशंका है कि चेकाम्पर इलाके में नदी का बहाव किसी वजह से रुक गया होगा और भूस्खलन के कारण बना अस्थायी बांध टूटने से पानी अचानक नीचे की ओर आया होगा। हालांकि, पानी बढ़ने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

नदी किनारे के गांवों में चेतावनी, लोगों ने छोड़े घर

बाढ़ के खतरे को देखते हुए नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने रविवार सुबह नदी किनारे बसे इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया। सुबह 6:40 बजे जारी संदेश में बताया गया कि चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका-6 की ओर से बूढ़ी गंडकी नदी में बड़ी बाढ़ आ रही है। लोगों को बाढ़ का पानी गुजरने तक त्रिशूली दोभान तक नदी के पास नहीं जाने और ऊंचे स्थानों पर रहने की सलाह दी गई। चुमलिंग और लोकपा समेत नदी किनारे बसे इलाकों के कई लोगों ने जलस्तर बढ़ने के बाद अपने घर छोड़ दिए।

लाउडस्पीकर से लोगों को किया जा रहा सतर्क

अरुघाट स्थित क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय ने भी लोगों की सुरक्षा के लिए सलाह जारी की है। प्रशासन लाउडस्पीकर के जरिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को चेतावनी दे रहा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह रहा है। अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं और प्रभावित इलाकों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article