नौकरी पाने के लिए लोग अपना रिज्यूमे (Resume) तैयार करने में काफी मेहनत करते हैं। कोई अपनी पढ़ाई की जानकारी देता है, तो कोई अपने काम के अनुभव और हुनर को दिखाता है लेकिन सोशल मीडिया पर एक ऐसा रिज्यूमे वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और हंस भी रहे हैं। इसमें न पढ़ाई का जिक्र है, न काम के अनुभव की जानकारी और न ही फोन नंबर या ईमेल एड्रेस। इसके बजाय उम्मीदवार ने सिर्फ एक ऐसी लाइन लिखी है, जिसने रिक्रूटर्स को इम्प्रेस कर दिया। फिलहाल, इस रिज्यूमे की चर्चा सोशल मीडिया पर हर जगह हो रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रिज्यूमे में आखिर ऐसा क्या लिखा था?
सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रही तस्वीर में एक रिज्यूमे दिख रहा है। जहां पहली नजर में यह अधूरा या ठीक से प्रिंट नहीं हुआ रिज्यूमे लग रहा है। इसमें ऊपर करियर से जुड़ी एक सामान्य सी बात लिखी गई है, लेकिन इसके बाद लगभग पूरा पेज खाली नजर आ रहा है। न उम्मीदवार की पढ़ाई के बारे में कोई जानकारी है, न उसके पुराने काम का ब्योरा। यहां तक कि उससे कॉन्टैक्ट करने के लिए फोन नंबर और ईमेल भी नहीं दिया गया है लेकिन रिज्यूमे के आखिर में मोटे अक्षरों में एक लाइन लिखी है, जिसका मतलब है,‘मुझे नौकरी दो, मेरी काबिलियत खुद देख लेना।’ बस, इसी एक लाइन ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जिसे देखने के बाद अब लोग यह सवाल कर रहे हैं कि आखिर यह उम्मीदवार का अनोखा आइडिया है या फिर प्रिंटिंग में कोई गड़बड़ी हो गई है?
पोस्ट पर लोगों ने खूब लिए मजे
यह तस्वीर Reddit समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बन गई। इसके बाद लोगों ने मजेदार कमेंट करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने इस रिज्यूमे की तुलना वीडियो गेम के डेमो वर्जन से कर दी। उनका कहना है कि उम्मीदवार ने अपनी काबिलियत का सिर्फ ट्रेलर दिखाया है, पूरी फिल्म देखने के लिए उसे नौकरी देनी पड़ेगी। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि यह तो रिज्यूमे का फ्री डेमो वर्जन है। वहीं, कुछ लोगों ने नौकरी मिलने की संभावना को लेकर भी मजेदार बातें कहीं। हालांकि, सभी लोग इस रिज्यूमे का मजाक नहीं उड़ा रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि आज के समय में जब कंपनियों के पास हजारों आवेदन आते हैं, तब सबसे अलग दिखने का यह तरीका ध्यान खींच सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
