पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर भारत में जमकर विवाद हो रहा है। पहले से ही नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर बवाल चल रहा है। अब पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-निजात' (Dar-e-Nijaat) विवादों में आ गई हैं। दरअसल, बेंगलुरु में पाकिस्तानी टीवी ड्रामा 'दर-ए-निजात' (Dar-e-Nijaat) की स्क्रीनिंग के लिए दो खास कार्यक्रम रखे गए थे, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों के विरोध के बाद दोनों को रद्द कर दिया गया। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-2027 में नहीं रिलीज होगी Priyanka Chopra-Mahesh Babu की Varanasi?)
'दर-ए-निजात' के शो हुए कैंसिल
दरअसल, सोशल मीडिया पर इस ड्रामा की स्क्रीनिंग के दो पोस्टर वायरल हुए थे। पहला कार्यक्रम 28 नवंबर को फ्रेजर टाउन के शीश कबाब में होना था। इसे द ब्लूम सोसाइटी सिस्टर्स क्लब ने रखा था। इस कार्यक्रम में ड्रामा के 34वें और 35वें एपिसोड दिखाए जाने थे। इसके साथ ही फारसी और अरबी खाना भी परोसा जाना था। इसमें शामिल होने के लिए एक व्यक्ति से 1,999 रुपये लिए जाने थे। वहीं, दूसरा कार्यक्रम 5 दिसंबर को जयमहल एक्सटेंशन के मोवी प्राइवेट थिएटर में रखा गया था। इसे द स्टार क्लब आयोजित करने वाला था। इस कार्यक्रम के न्योते में लोगों के लिए पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने की बात लिखी गई थी।
दोनों कार्यक्रमों के पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। मामले पर ध्यान देते हुए बेंगलुरु पुलिस ने संबंधित पुलिस स्टेशन और सेंट्रल डिवीजन के डीसीपी को टैग कर जरूरी कदम उठाने को कहा। इसके बाद पुलकेशीनगर पुलिस ने जवाब दिया कि उनके संज्ञान में आया है कि दोनों कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से इस बारे में कोई भी जानकारी होने पर साझा करने की अपील की है। बताते चलें कि नेटफ्लिक्स की अपकमिंग पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में बैन करने की भी मांग उठ रही है। बीते दिन AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोटी को लेटर लिखकर सीरीज पर रोक लगाने की मांग की थी।
