देश

कांग्रेस के संविधान रक्षा सम्मेलन मार्च को नहीं मिली अनुमति, पर खरगे जा रहे लखनऊ; जानें क्या है प्लान

Samvidhaan Raksha Sammelan March: उत्तर प्रदेश कांग्रेस गुरुवार को लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हो रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने इससे जुड़े प्रस्तावित मार्च को अनुमति नहीं दी।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो साभार: Congress)

Samvidhaan Raksha Sammelan March: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार (26 नवंबर) को पार्टी के 'संविधान रक्षा सम्मेलन' मार्च में शामिल होने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने कांग्रेस को प्रस्तावित मार्च की अनुमति नहीं दी। पार्टी के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य पीएल पुनिया ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि खरगे देश के सबसे सम्मानित सांसदों में से एक हैं और वह गुरुवार को संविधान रक्षा सम्मेलन में शामिल होने के लिए राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और अन्य नेता शामिल होंगे।

इस दौरान उनके बेटे और कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया भी मौजूद थे। तनुज पुनिया उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हैं और गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

संविधान दिवस पर देशभर में मार्च निकालेगी कांग्रेस

लखनऊ में होने वाला यह कार्यक्रम संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जाने वाले कांग्रेस के 'संविधान रक्षा मार्च' का हिस्सा है। इन मार्च के जरिए पार्टी कथित तौर पर मतदाता सूची में हेरफेर के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज करना चाहती है।

कांग्रेस को मार्च की नहीं मिली अनुमति

तनुज पुनिया ने मार्च की अनुमति नहीं मिलने पर प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भाजपा अध्यक्ष लखनऊ आते हैं तो वह जहां चाहें वहां जाते हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के साथ ऐसा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "स्थानीय प्रशासन ने हमें बताया है कि जिस इलाके में हम मार्च निकालना चाहते हैं, वह एक संवेदनशील इलाका है। लेकिन जब भाजपा अध्यक्ष आए, तब वे हर जगह गए थे। ऐसा कैसे?" उन्होंने बताया कि अब यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article