वायरल न्यूज़

VIDEO: आनंद महिंद्रा ने शेयर किया हिंदी क्लासिक का इंडोनेशियाई वर्जन, बोले- 'सीमाओं से परे है यह संगीत'

आनंद महिंद्रा ने हिंदी क्लासिक गाने के इंडोनेशियाई वर्जन का वीडियो शेयर करते हुए उसकी जमकर तारीफ की है और उस गाने को 'सीमाओं से परे' बताया है।

Image

आनंद महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में खूब की तारीफ (X/@anandmahindra)

देश के मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया (Social Media) पर अक्सर ऐसी चीजें शेयर करते हैं, जो लोगों को मोटिवेट करने के साथ-साथ कई नई चीजों के बारे में जानकारी भी देते हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसा वीडियो (Video) शेयर किया है, जिसने म्यूजिक लवर्स का दिल जीत लिया। यह वीडियो मशहूर हिंदी गाने 'नीले गगन के तले' के इंडोनेशियाई वर्जन का है।

आनंद महिंद्रा ने शेयर किया दिल छू लेने वाला वीडियो

आनंद महिंद्रा ने बताया कि इंडोनेशिया का एक यूट्यूब चैनल Albumology पुराने हिंदी गानों को नए अंदाज में पेश करता है। इस चैनल पर रेट्रो हिंदी गानों को रेगे (Reggae) और स्का (Ska) म्यूजिक स्टाइल में तैयार किया जाता है। इसकी खास बात यह है कि इन गानों को लोकल इंडोनेशियाई गायक और संगीतकार अपनी आवाज और संगीत के साथ नया रूप देते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

आनंद महिंद्रा भी हुए इस गाने के इंडोनेशियाई वर्जन के फैन

महिंद्रा ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले यह गाना सोशल मीडिया पर देखा था। इसके बाद वह इसे बार-बार सुनते रहे। उन्हें यह वर्जन इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे अपनी रोड ट्रिप प्लेलिस्ट में भी शामिल कर लिया। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कहा कि मूल गाना, जिसे महान गायक महेंद्र कपूर ने अपनी आवाज दी थी, उसकी बात ही अलग है। लेकिन इंडोनेशियाई कलाकारों ने इस गाने को एक नया रंग दिया है, जिससे यह दुनिया के हर कोने के लोगों को पसंद आ रहा है। उनके अनुसार, इस गाने की धुन इतनी शानदार है कि इसे सुनकर किसी का भी पैर थिरकने लगे।

विदेशी रीमिक्स सुन झूम उठे आनंद महिंद्रा

आनंद महिंद्रा ने सिर्फ संगीत की ही नहीं, बल्कि गाने के बोलों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस गीत को दोबारा ध्यान से सुना, तो उन्हें महसूस हुआ कि इसके शब्द इंसान के रिश्ते को बहुत खूबसूरती से दिखाते हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यह गाना आज के समय में पर्यावरण और प्रकृति को बचाने के अभियान का प्रतीक गीत बन सकता है। महिंद्रा की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। कई लोगों ने कहा कि संगीत की कोई भाषा या सीमा नहीं होती। वहीं कुछ यूजर्स ने इंडोनेशियाई कलाकारों की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने हिंदी के इस सदाबहार गाने की आत्मा को बरकरार रखते हुए उसे एक नया और ताजगी भरा अंदाज दिया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article