वायरल न्यूज़

Video: कोलकाता में सड़क किनारे कॉफी पीने रुका अमेरिकी टूरिस्ट, दुकानदार की कला देख रह गया हैरान

कोलकाता की सड़क किनारे दुकान पर अमेरिकी यात्री को सिर्फ 80 रुपये में कॉफी और हाथ से बना अपना कार्टून मिला। उसने अपने इस अनोखे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब वायरल हो रहा है।

Image

सड़क किनारे कॉफी की दुकान पर पहुंचा अमेरिकी यात्री, दुकानदार की कला देख रह गया दंग (Instagram/@markymovesyt)

भारत विदेश के लोगों को क्यों अच्छा लगता है, उसका एक कारण आपको इस वायरल वीडियो में देखने को मिल सकता है। जहां कोलकाता घूमने आए एक अमेरिकी टूरिस्ट को कुछ ऐसा सरप्राइज मिला जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएगा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अमेरिकी टूरिस्ट कोलकाता की सड़क किनारे एक दुकान पर सिर्फ कॉफी पीने के लिए रुका था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके हाथ में कॉफी के साथ उसका अपना बनाया हुआ कार्टून भी था और सबसे खास बात यह थी कि उसे कॉफी और कार्टून की पूरी कीमत सिर्फ 80 रुपये ही देनी पड़ी।

अमेरिकी टूरिस्ट ने शेयर किया अपना खास अनुभव

अमेरिकी यात्री मार्कस ने इस अनोखे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में वह कोलकाता की एक छोटी सी दुकान पर नजर आते हैं। यह दुकान कलाकार श्याम प्रसाद डे चलाते हैं। बताया गया है कि श्याम प्रसाद डे पिछले करीब 30 साल से इस दुकान पर लोगों के लिए कॉफी और हाथ से बनाए गए कार्टून तैयार कर रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें

दुकान में दिखे कई खास स्केच

मार्कस जब दुकान के अंदर पहुंचे तो वहां दीवारों पर लगे कई स्केच देखकर उनकी दिलचस्पी बढ़ गई। उन्होंने एक-एक करके तस्वीरों को देखना शुरू किया और कलाकार से उनके बारे में पूछा। इसी दौरान उनकी नजर पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के स्केच पर पड़ी। मार्कस ने इसके बारे में भी जानकारी ली। उन्हें यह जानकर भी हैरानी हुई कि डे के बनाए कुछ चित्र बंगाली टीवी शो ‘दादागिरी’ में भी दिखाई दे चुके हैं, जिसे सौरव गांगुली होस्ट करते हैं।

देखते ही देखते बन गया मार्कस का कार्टून

बातचीत के दौरान कलाकार ने मार्कस के चेहरे को ध्यान से देखा और उनका कार्टून बनाने का फैसला किया। कुछ ही देर में कागज पर मार्कस की तस्वीर आकार लेने लगी। मार्कस भी कलाकार का काम देखकर काफी खुश नजर आए। उन्होंने मजाक में अपनी टोपी और बालों को लेकर कहा कि वह पहले से ही किसी कार्टून कैरेक्टर जैसे दिख रहे हैं। जब कार्टून तैयार हुआ तो मार्कस के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी लेकिन असली सरप्राइज अभी बाकी था।

शानदार चित्रकारी के साथ मिली कॉफी की कीमत मात्र 80 रुपए

कलाकार ने बताया कि कॉफी और कार्टून दोनों की कीमत मिलाकर सिर्फ 80 रुपये है। यह सुनकर मार्कस हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि इतने कम पैसे में कॉफी के साथ अपना हाथ से बना व्यक्तिगत कार्टून मिलना उनके लिए बेहद खास अनुभव था। आखिर में मार्कस ने कैमरे के सामने कॉफी का कप उठाया और खुशी से “चियर्स” कहा। कोलकाता की इस छोटी सी दुकान ने उनके सफर को एक ऐसी याद दे दी, जो किसी महंगे स्मृति चिन्ह से कहीं ज्यादा खास थी।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article