Ajab Gajab News: जब किसी कंपनी से बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी होती है तो सोशल मीडिया पर उस कंपनी की जमकर आलोचना होती है। इसके साथ ही नौकरी से निकालने वाले बॉस को लोग जमकर ट्रोल करते हैं और उसे लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ता है। दूसरी तरफ एक कंपनी ने अपने 70 कर्मचारियों को फायर कर दिया। इसके बाद भी बॉस की जमकर तारीफ की जा रही है। आपके दिमाग में यह सवाल आ रहा होगा कि ऐसा क्यों हो रहा है। चलिए हम आपको पूरा मामला बताते हैं।
70 नौकरी छीनने के बाद भी CEO की तारीफ
दरअसल, बेंगलुरु की ओके क्रेडिट नाम की कंपनी ने अपने 70 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद कंपनी के सीईओ हर्ष पोखरना ने अपने लिंक्डइन पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने अपनी कंपनी से 70 कर्मचारियों की छंटनी की कहानी शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने निकाले गए 70 कर्मचारियों के लिए कुछ ऐसा किया है, जिसे वो कर्मचारी जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। दरअसल, हर्ष ने सभी कर्मचारियों को किसी दूसरी जगह पर नौकरी पर भी लगवा दिया।
CEO ने की निकाले गए कर्मचारियों की मदद
इसके बाद सोशल मीडिया पर हर्ष के इस सराहनीय काम की जमकर तारीफ हो रही है। हर्ष ने बताया कि जिन कर्मचारियों की नौकरी अभी तक नहीं लगी है, उन्हें इतना पैसा दिया गया है, जिससे नई नौकरी ढूंढने तक उनको कोई दिक्कत ना हो। सीईओ ने बताया कि कंपनी ने अनगिनत कर्मचारियों को काम पर रख लिया था। जो हमारी गलती थी। इस कारण हमें 70 कर्मचारियों को नौकरी से निकालना पड़ा। हालांकि, उनके मदद के तौर पर कंपनी ने कई कदम उठाए। कंपनी ने सारे कर्मचारियों को तीन महीने का नोटिस दिया था, जिससे नई नौकरी ढूंढने के लिए उन्हें समय मिला।
