आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है। कई काम आसान हो रहे हैं, लेकिन इसके साथ लोगों के मन में नौकरी जाने का डर भी बढ़ रहा है। अब इसी डर से जुड़ी एक ऐसी कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसने शादी और करियर को लेकर नई बहस छेड़ दी है। दरअसल, मैचमेकिंग और डेटिंग कोच ओएंद्रिला कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने बताया कि एक महिला ने सिर्फ इस वजह से सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शादी करने से इनकार कर दिया कि भविष्य में AI उसकी नौकरी छीन सकता है।
'मैं सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शादी नहीं करूंगी'
ओएंद्रिला कपूर ने अपनी वायरल रील (Viral Reel) में बताया कि हाल ही में एक महिला ने उनसे कहा कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शादी नहीं करना चाहती। महिला को डर था कि AI और ऑटोमेशन की वजह से भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी खतरे में पड़ सकती है। मैचमेकर ने कहा कि उन्होंने रिश्तों के लिए कई तरह के अजीब फिल्टर सुने हैं, लेकिन यह वजह उन्हें सोचने पर मजबूर कर गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कभी सबसे ज्यादा पसंद किए जाते थे सॉफ्टवेयर इंजीनियर
भारतीय परिवारों में लंबे समय तक सॉफ्टवेयर इंजीनियरों को शादी के लिए काफी पसंद किया जाता रहा है। अच्छी सैलरी, विदेश में नौकरी के मौके और आर्थिक स्थिरता जैसे कारणों से कई लोग इस प्रोफेशन को सुरक्षित मानते थे लेकिन अब AI के बढ़ते इस्तेमाल और टेक कंपनियों में हो रही छंटनी की खबरों ने लोगों की सोच बदलनी शुरू कर दी है। कुछ लोग मानने लगे हैं कि टेक इंडस्ट्री में काम करने वालों की नौकरी भविष्य में जोखिम में पड़ सकती है।
आखिर कौन-सी नौकरी सुरक्षित है?
ओएंद्रिला ने अपने वीडियो (Video) में एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया कि आखिर कौन-सा प्रोफेशन हमेशा सुरक्षित रहेगा? उनका कहना है कि AI का असर सिर्फ टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं है। फाइनेंस, डिजाइन, कानून, कंसल्टिंग और हेल्थकेयर जैसे कई क्षेत्रों में भी बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में सिर्फ नौकरी देखकर किसी व्यक्ति को शादी के लिए चुनना या रिजेक्ट करना कितना सही है, यह सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
शादी नौकरी से नहीं, इंसान से करनी चाहिए
मैचमेकर के मुताबिक, नौकरी का टाइटल हमेशा स्थायी नहीं होता। कोई भी व्यक्ति समय के साथ नौकरी बदल सकता है, नई स्किल सीख सकता है या अपना काम शुरू कर सकता है इसलिए शादी के लिए सिर्फ यह देखना जरूरी नहीं कि सामने वाला क्या नौकरी करता है। बल्कि यह देखना ज्यादा महत्वपूर्ण है कि वह मेहनती है या नहीं, बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल सकता है या नहीं और मुश्किल समय में जिम्मेदारी निभा सकता है या नहीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर नौकरी की सुरक्षा ही सबसे बड़ा पैमाना बन जाए, तो शायद लोगों को मकान मालिक से शादी करने के बारे में सोचना चाहिए।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
ओएंद्रिला की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ यूजर्स ने कहा कि AI के दौर में किसी एक प्रोफेशन को पूरी तरह सुरक्षित मानना मुश्किल है। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि शादी में आर्थिक स्थिरता को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि उस महिला की शादी प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, राजमिस्त्री या कैब ड्राइवर से करवा देनी चाहिए, क्योंकि इन क्षेत्रों में AI का असर अपेक्षाकृत कम हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
