स्पोर्ट्स

Asian Champions Trophy: मनदीप की हैट्रिक, बांग्लादेश को 13-0 से रौंदकर भारत का विजयी आगाज

Asian Champions Trophy: भारत ने मंगलवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज जीत के साथ किया। मनदीप सिंह की हैट्रिक गोल के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 13-0 से हरा दिया।

Image

हॉकी इंडिया (साभार-X)

Asian Champions Trophy: पांच बार के चैंपियन भारत ने मनदीप सिंह की शानदार हैट्रिक की मदद से मंगलवार को ’एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी)’ हॉकी टूर्नामेंट में अपने अभियान का प्रभावशाली आगाज करते हुए एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी। मनदीप ने तीसरे, 10वें और 54वें मिनट में गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (दूसरे, 44वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (43वें, 44वें मिनट) और उपकप्तान हार्दिक सिंह (60वें मिनट में दो गोल) ने दो-दो गोल किए। शिलानंद लाकड़ा (15वें), अभिषेक (18वें), नीलकांत शर्मा (26वें) और जुगराज सिंह (46वें मिनट) ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।

ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गत चैंपियन भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। खेल ज्यादातर बांग्लादेश के हाफ में हुआ और भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। भारत ने दूसरे ही मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार लो फ्लिक के जरिए गोल में बदल दिया। अगले ही मिनट हरमनप्रीत के मिडफील्ड से दिए गए बेहतरीन पास पर मनदीप ने जोरदार शॉट लगाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दसवें मिनट में हरमनप्रीत के लंबे पास को अभिषेक ने सर्किल के भीतर हासिल किया और गेंद मनदीप तक पहुंचाई, जिन्होंने इसे गोल में डाल दिया। पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में शिलानंद ने सुखजीत सिंह के साथ बेहतरीन तालमेल बनाते हुए स्कोर 4-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत से पहले मैदान में अचानक एक आवारा कुत्ता घुस आया और टर्फ पर गंदगी कर दी, जिसके कारण खेल शुरू होने में थोड़ी देरी हुई।

इसके बाद भी भारतीय आक्रमण जारी रहा। मैच के 18वें मिनट में मनदीप के शानदार वन-टच पास पर अभिषेक ने गोल किया और फिर 26वें मिनट में नीलकांत शर्मा ने सुखजीत और अभिषेक से मिले पास के बाद सर्किल के शीर्ष से शानदार टोमहॉक शॉट लगाकर भारत को मध्यांतर तक 6-0 की बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने एक मिनट के भीतर दो गोल दागे। उन्होंने पहले हरमनप्रीत के फ्लिक पर गोलकीपर के बचाव के बाद मिले रिबाउंड को गोल में बदला और फिर शानदार टोमहॉक शॉट से अपना दूसरा गोल किया। इसके तुरंत बाद हरमनप्रीत ने भारत के पांचवें पेनाल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल दाग दिया।

अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में जुगराज सिंह ने भारत के सातवें पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 10-0 कर दिया। इसके बाद मनदीप ने आदित्य ललागे के पास पर डाइव लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की। आखिरी मिनट में हार्दिक सिंह ने लगातार मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर में से दूसरे पर रिबाउंड से गोल किया और फिर कुछ ही सेकंड बाद मैदानी गोल दागकर भारत की जीत का अंतर 13-0 कर दिया। भारत का अगला मुकाबला बृहस्पतिवार को चीन से होगा, जबकि बांग्लादेश की टीम मलेशिया से भिड़ेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article