वायरल न्यूज़

बॉलीवुड गाने पर थिरका ह्यूमनॉइड रोबोट, भारतीय शास्त्रीय नृत्य करते हुए VIDEO आया सामने

‘माला जाऊ दे’ गाने पर ह्यूमनॉइड रोबोट के शानदार भारतीय शास्त्रीय डांस का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसे मोशन कैप्चर और AI तकनीक से डांस सिखाया गया।

Image

बॉलीवुड गाने पर थिरका ह्यूमनॉइड रोबोट (Instagram/@zikiguy)

एक समय था जब इंसानों जैसे दिखने वाले रोबोट सिर्फ विज्ञान और साइंस फिक्शन फिल्मों की कहानियों तक सीमित माने जाते थे लेकिन अब तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ रही है कि रोबोट न सिर्फ इंसानों की तरह चल-फिर रहे हैं, बल्कि गाने पर डांस भी करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ह्यूमनॉइड रोबोट भारतीय शास्त्रीय नृत्य करता नजर आ रहा है। इस रोबोट ने बॉलीवुड के मशहूर गाने 'माला जाऊ दे' पर शानदार डांस किया है।

रोबोट ने किया बिल्कुल इंसानों जैसा डांस

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक रोबोट बेहद खूबसूरती से डांस स्टेप्स करता दिखाई दे रहा है। उसके हाथों की हरकतें, शरीर का संतुलन और पैरों की चाल देखकर ऐसा लग रहा है जैसे सामने कोई प्रशिक्षित डांसर खड़ा हो। इस वीडियो ने लोगों को इसलिए भी हैरान किया क्योंकि भारतीय शास्त्रीय नृत्य सीखना और उसे सही तरीके से करना आसान नहीं होता।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

कैसे सिखाया गया रोबोट को डांस?

वीडियो (Video) शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर सोहन राय के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। बताया गया है कि सबसे पहले एक शास्त्रीय डांसर की गतिविधियों को 'मोशन कैप्चर' तकनीक के जरिए रिकॉर्ड किया गया। मोशन कैप्चर का मतलब होता है किसी इंसान की हरकतों को डिजिटल तरीके से रिकॉर्ड करना। इसके बाद इन रिकॉर्ड की गई एक्टिविटिज़ का इस्तेमाल रोबोट को डांस सिखाने के लिए किया गया। बताया गया है कि रोबोट को संतुलन बनाए रखने और सही तरीके से स्टेप्स करने के लिए 'रीइन्फोर्समेंट लर्निंग' नाम की तकनीक का इस्तेमाल किया गया। आसान भाषा में कहें तो रोबोट को बार-बार प्रैक्टिस कराकर सही एक्टिविटी सीखाने में मदद की गई।

प्रोजेक्ट में छात्रों की भी भूमिका

पोस्ट के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी (Masters' Union University) के छात्रों के सहयोग से तैयार किया गया है। रोबोट का नाम माया बताया गया है। वीडियो के साथ दावा किया गया कि यह किसी ह्यूमनॉइड रोबोट द्वारा भारतीय शास्त्रीय नृत्य का दुनिया का पहला प्रदर्शन है। हालांकि, इस दावे की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग रोबोट की टेक्निकल कैपेसिटी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे भविष्य की दुनिया की झलक बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि आने वाले समय में रोबोट सिर्फ फैक्ट्रियों और ऑफिसों में काम करते हुए नहीं दिखेंगे, बल्कि कला, मनोरंजन और संस्कृति के क्षेत्र में भी अपनी जगह बना सकते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article