INDIA गठबंधन द्वारा CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम 30 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित सरकारी आवास 10 राजाजी मार्ग में आयोजित किया जाएगा।अशोका होटल से परमिशन नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया है।
दिल्ली के अशोका होटल में अनुमति न मिलने के बाद, अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास (10 राजाजी मार्ग) पर सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
'ज्ञानेश कुमार के हटने तक लड़ाई जारी रहेगी'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देश में 'शीर्ष स्तर से वोट चोरी’ की जा रही है तथा करोड़ों लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उन्हें पद से हटाए जाने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में आयोजित एक ’जन सुनवाई’ कार्यक्रम में शामिल हुए और उन लोगों से संवाद किया किया जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
'वोट चोरी’ शीर्ष स्तर से की जा रही है'
उन्होंने कहा, 'वोट हर भारतीय नागरिक का अधिकार है, लेकिन आज करोड़ों लोगों से उनका अधिकार छीना जा रहा है। हम काफी समय से यह मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन अब पूरा देश समझ रहा है कि ’वोट चोरी’ शीर्ष स्तर से की जा रही है।'कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गरीबों को मतदाता सूची से हटाकर उनके अधिकार छीने जा रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि ’जन सुनवाई’ के दौरान त्रिलोकपुरी के चार मतदान केंद्रों से 416 मतदाताओं के नाम 'गैर-कानूनी तरीके से' हटाए जाने का मामला सामने आया।गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब नहीं देने का आरोप भी लगाया।कांग्रेस नेता ने कहा, 'हमने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछे हैं, लेकिन वह उनका जवाब देने से इनकार करते हैं और सवालों से बचते हैं। हम रुकने वाले नहीं हैं।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: त्रिलोकपुरी में राहुल गांधी ने की जनसुनवाई, 4 बूथों से 416 नाम हटाने का दावा
उन्होंने कहा कि विपक्ष तब तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते या प्रधानमंत्री उन्हें पद से नहीं हटाते।गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रही है जिसमें कुछ चुनिंदा अरबपतियों के हितों को प्राथमिकता मिले और गरीब अपने अधिकारों से वंचित हों।उन्होंने कहा, 'नरेन्द्र मोदी सिर्फ अमीरों का हिंदुस्तान बनाने पर तुले हैं।'
'ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग' कार्यक्रम को रोका जा रहा है'
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ’इंडिया’ गठबंधन की ओर से प्रस्तावित ’जन महाभियोग’ कार्यक्रम को रोका जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चाहे भी कुछ कर लें, विपक्ष अपना कार्यक्रम करेगा तथा अभियान को आगे बढ़ाएगा।दरअसल, विपक्षी दल एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली से पहले 30 अक्टूबर को 'वोट चोरी' और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ’प्रतीकात्मक संसद’ आयोजित कर ’जन महाभियोग’ लाने का कार्यक्रम करने की तैयारी में हैं।
'हम अशोक होटल का लॉन बुक कराना चाहते थे पर...'
वेणुगोपाल ने कहा, 'हम अशोक होटल का लॉन बुक कराना चाहते थे और इसके लिए पहले हां कर दी गई थी। बाद में कहा गया कि अनुमति नहीं दी जाएगी।'कांग्रेस नेता के मुताबिक, इसके बाद विपक्षी दलों ने 30 अक्टूबर को रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया और यह मैदान 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक के लिए बुक कराया गया है।उन्होंने दावा किया कि यह यहां भी ’जन महाभियोग’ के कार्यक्रम को आयोजित करने में पुलिस द्वारा अड़ंगा डाला जा रहा है।वेणुगोपाल ने दावा किया कि यह सब प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह के इशारे पर हो रहा है।उन्होंने कहा, 'हम यह कार्यक्रम करेंगे। मोदी सरकार लोगों की आवाज और राजनीतिक दलों को दबा रही है, लेकिन हम नहीं झुकेंगे।'
