Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन में कुठौंद थाना प्रभारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने सर्विस गन से खुद को गोली मारी। गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अभी तक आत्महत्या के कारण पता नहीं चल सका है। डीएम-एसपी सहित आला अधिकारी मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है।
सरकारी आवास में मारी गोली
यह घटना जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को हुई। जहां गोरखपुर के रहने वाले इंस्पेक्टर ने अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मार ली। पुलिस के अनुसार, रात करीब 9 बजे वे पेट्रोलिंग के बाद अपने सरकारी आवास पहुंचे। रात करीब 9:30 बजे उनके आवास से गोली की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी पहुंचे। जहां इंस्पेक्टर को खून से लथपथ हालत में पाया। उन्हें तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। लेकिन उनकी गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने उरई हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन उनकी जान बच नहीं सकी।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय कौन हैं?
थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की पहली पोस्टिंग 1998 में सिपाही के पद पर हुई थी। 2012 में विभागीय परीक्षा पास करके वे दरोगा बने। जिसके बाद 2023 में प्रमोशन के बाद इंस्पेक्टर बन गए। 2024 में जालौन में उनकी पोस्टिंग मीडिया प्रभारी के पद पर हुई। जुलाई 2024 में कोंच कोतवाली प्रभारी के पद पर उनकी पोस्टिंग हुई। करीब 8 महीने बाद ट्रांसफर के बाद वे उरई शहर कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर अरुण की चार महीने पहले ही कुठौंद थाना प्रभारी के रूप में पोस्टिंग हुई थी। फिलहाल उनकी आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
