BHU में बवाल (IANS)
BHU violent clashes: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में मंगलवार देर रात छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़प हुई, जिसमें पथराव हुआ और वाहन तथा कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस और प्रादेशिक सशस्त्र पुलिस (PAC) की टीम ने तुरंत कैंपस में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सूत्रों के अनुसार, राजा राम छात्रावास के पास उस समय तनाव बढ़ गया जब एक वाहन ने एक छात्रा को टक्कर मार दी। सूत्रों ने बताया कि जब छात्र शिकायत करने के लिए सुरक्षा कर्मियों के पास पहुंचे, तो उनके बीच तकरार हो गई, विवाद बढ़ गया और छात्रों ने एलडी गेस्ट हाउस के पास पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे संपत्ति को नुकसान हुआ।
कुछ छात्रों के घायल होने की खबरें भी आई हैं, जिनकी पुष्टि नहीं हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को कहा कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है और अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।
बता दें कि पूरे मामले की जांच हो रही है। स्टूडेंट्स ने प्रॉक्टर पर हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि सिक्योरिटी ने उकसावे का दावा किया है। पुलिस समेत दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए, जिसके बाद कई स्टेशनों और PAC से भारी फोर्स तैनात की गई। दो स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया गया और अब हालात स्थिर हैं।