बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) लंबे समय से उन निवेशकों के लिए पसंदीदा बचत विकल्प रहे हैं, जो ज्यादा रिटर्न की बजाय सुरक्षित निवेश को प्राथमिकता देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक ग्राहक के लिए FD में निवेश की अधिकतम सीमा क्या होती है? हम में से कई लोग ये जानने के लिए उत्सुक होते हैं: फिक्स्ड डिपॉजिट में कितनी राशि लगाई जा सकती है? क्या कोई सीमा है?
FD में कितना निवेश किया जा सकता है?
अब असली सवाल यह है कि क्या FD में कोई अधिकतम सीमा होती है? रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने FD पर कोई अधिकतम निवेश सीमा नहीं रखी है। इसका मतलब है कि आप किसी भी राशि का FD खोल सकते हैं और अलग-अलग बैंकों में कई FD अकाउंट्स भी खोल सकते हैं। लेकिन ध्यान रखने वाली बात ये है कि बैंकिंग नियमों के मुताबिक हर जमाकर्ता को डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) की ओर से कुल ₹5 लाख तक का बीमा मिलता है, जिसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल हैं। यानी अगर बैंक डिफॉल्ट करता है, तो ₹5 लाख तक की राशि सुरक्षित मानी जाती है।
FD के बारे में कुछ जरूरी बातें
- न्यूनतम और अधिकतम राशि: ज्यादातर बैंकों में FD का न्यूनतम निवेश ₹1,000 से ₹10,000 के बीच होता है। अधिकतम कोई सीमा नहीं है।
- अवधि और पूर्व निकासी: FD की अवधि 7 दिनों से लेकर 10 साल तक हो सकती है। अगर आप समय से पहले FD तोड़ते हैं, तो बैंक पेनल्टी और कम ब्याज दर लागू करते हैं।
- ब्याज दरें: ब्याज दर बैंक और अवधि पर निर्भर करती हैं। सीनियर सीटिजन्स को सामान्य निवेशकों से ज्यादा ब्याज दर मिलती है।
- टैक्स प्रभाव: FD पर मिलने वाला ब्याज आपके इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार टैक्सेबल होता है। लेकिन टैक्स सेविंग FD में निवेश करने पर धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिल सकती है।
- नॉमनी सुविधा: RBI ने सभी FD खातों में नामांकन अनिवार्य कर दिया है, जिससे मृत्यु के बाद राशि का ट्रांसफर आसान हो जाता है।
- TDS कटौती: अगर ब्याज आय सालाना ₹40,000 (वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹50,000) से अधिक होती है, तो बैंक TDS काटते हैं।
- ऑटो-रिन्यूअल और मैच्योरिटी: कई बैंक FD की अवधि खत्म होने पर उसे अपने आप रिन्यू कर देते हैं। इसलिए निवेशक को पहले से तय करना चाहिए कि वह राशि निकालना चाहते हैं या फिर से निवेश करना चाहते हैं।
कौन FD खोल सकता है?
FD कोई भी खोल सकता है चाहे वह नाबालिग हो, कामकाजी व्यक्ति हो या सीनियर सीटिजन्स।
FD क्यों सुरक्षित और आकर्षक है?
FD को अभी भी सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है क्योंकि इसमें पूंजी सुरक्षित रहती है और ब्याज दर फिक्स रहती है। हालांकि, निवेश से पहले ब्याज दरें, टैक्स नियम और बीमा कवरेज जैसे पहलुओं को समझना जरूरी होता है। अगर आप FD में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकती है।
