यूटिलिटी

गीजर की खरीदारी में सिर्फ लीटर और स्टार रेटिंग पर ध्यान न दें, इन जरूरी बातों का भी रखें ध्यान

सर्दियों में गीजर का इस्तेमाल जमकर होता है। अगर आप एक नया गीजर खरीदने जा रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। गीजर की खरीदारी करते समय अक्सर लोग सिर्फ स्टार रेटिंग और उसकी क्षमता पर ही ध्यान देते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो आपका बड़ा नुकसान हो सकता है।

Image

वॉटर हीटर की खरीदारी में आपको कई सारी चीजों का ध्यान रखना होता है।

सर्दियां आते ही घर में गीजर की जरूरत महसूस होने लगती है। सुबह-सुबह गर्म पानी चाहिए हो या रात को नहाने के लिए, गीजर के बिना काम चलाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार जाते हैं और गीजर खरीदते समय सिर्फ दो चीजें देखते हैं- उसकी कितनी लीटर की कैपेसिटी है और उस पर कितने स्टार की रेटिंग दी गई है।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ लीटर और स्टार रेटिंग देखकर गीजर खरीदना आपकी बड़ी गलती हो सकती है? कई बार लोग अच्छी कंपनी और ज्यादा स्टार रेटिंग वाला गीजर तो खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगने, बिजली का बिल बढ़ने और टैंक में जंग लगने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

दरअसल, गीजर खरीदते समय कुछ ऐसी जरूरी बातें हैं, जिन पर ज्यादातर लोगों का ध्यान ही नहीं जाता। अगर आपने भी इस सर्दी नया गीजर खरीदने का मन बना लिया है तो पैसे खर्च करने से पहले ये 7 चीजें जरूर चेक कर लें।

गीजर का टैंक किस मटेरियल से बना है?

गीजर खरीदते समय सबसे पहले यह देखना चाहिए कि उसके अंदर का टैंक किस मटेरियल से बना है। क्योंकि गीजर की उम्र काफी हद तक उसके टैंक की क्वालिटी पर निर्भर करती है। अगर टैंक की क्वालिटी अच्छी नहीं है तो कुछ साल इस्तेमाल करने के बाद उसमें जंग लगने या लीकेज होने की समस्या आ सकती है। इससे आपका महंगा गीजर भी जल्दी खराब हो सकता है।

आजकल बाजार में स्टेनलेस स्टील, ग्लास लाइनिंग और अलग-अलग तरह की इनेमल कोटिंग वाले टैंक मिलते हैं। कई कंपनियां टैंक को जंग और पानी में मौजूद मिनरल्स से बचाने के लिए खास कोटिंग भी देती हैं। इसलिए गीजर खरीदने से पहले टैंक का मटेरियल जरूर पूछें। साथ ही यह भी देखें कि कंपनी टैंक पर कितने साल की वारंटी दे रही है।

पानी का प्रेशर कितना है, यह जरूर चेक करें

यह ऐसी बात है जिसे ज्यादातर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर आपके घर में पानी का प्रेशर ज्यादा रहता है या आप ऊंची बिल्डिंग में रहते हैं तो गीजर खरीदते समय इस बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। हर गीजर एक जैसा पानी का प्रेशर सहन नहीं कर सकता। अगर पानी का प्रेशर गीजर की क्षमता से ज्यादा हो जाए तो टैंक और उसके दूसरे हिस्सों पर दबाव पड़ सकता है।

इसलिए गीजर खरीदते समय उसका मैक्सिमम प्रेशर जरूर चेक करें। खासकर अगर आप अपार्टमेंट या ऊंची मंजिल पर रहते हैं तो ऐसा मॉडल चुनें जो आपके घर की पानी की सप्लाई के हिसाब से सही हो। साथ ही यह भी पता करें कि गीजर में प्रेशर रिलीज करने के लिए सेफ्टी वॉल्व दिया गया है या नहीं।

गीजर खरीदते समय इन चीजों को जरूर देखें:

थर्मोस्टेट: यह पानी को तय तापमान तक गर्म होने के बाद हीटिंग बंद करने में मदद करता है।

थर्मल कट-आउट: पानी जरूरत से ज्यादा गर्म होने पर यह हीटिंग बंद कर देता है।

सेफ्टी वॉल्व: टैंक के अंदर जरूरत से ज्यादा प्रेशर बनने पर उसे रिलीज करने में मदद करता है।

अर्थिंग और इलेक्ट्रिकल प्रोटेक्शन: बिजली से होने वाले खतरे को कम करने के लिए सही इंस्टॉलेशन और सुरक्षा जरूरी है।

हीटिंग एलिमेंट की क्वालिटी चेक करें

गीजर में पानी गर्म करने का काम हीटिंग एलिमेंट करता है। इसलिए इसकी क्वालिटी पर ध्यान देना भी बहुत जरूरी है। अगर हीटिंग एलिमेंट अच्छा नहीं है तो कुछ समय बाद उसमें खराबी आ सकती है। खासकर उन इलाकों में जहां पानी में नमक और मिनरल्स की मात्रा ज्यादा होती है, वहां हीटिंग एलिमेंट पर स्केल जमने की समस्या हो सकती है।

इससे पानी गर्म होने में ज्यादा समय लग सकता है और गीजर की परफॉर्मेंस भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए गीजर खरीदते समय कंपनी से पूछें कि उसमें किस तरह का हीटिंग एलिमेंट लगा है। कुछ गीजर में कॉपर और कुछ में स्टेनलेस स्टील जैसे मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही यह भी चेक करें कि कंपनी हीटिंग एलिमेंट पर कितनी वारंटी दे रही है।

बिजली की खपत भी समझें

अब बात करते हैं उस चीज की जिसे लेकर सबसे ज्यादा लोग कन्फ्यूज रहते हैं। यानी गीजर की स्टार रेटिंग। आमतौर पर लोगों को लगता है कि 5 स्टार वाला गीजर खरीद लिया तो बिजली का बिल अपने आप कम आएगा। लेकिन ऐसा पूरी तरह सही नहीं है।

स्टार रेटिंग ऊर्जा की खपत को बताती है, जबकि बिजली की खपत आपके गीजर के इस्तेमाल, पानी के तापमान, हीटिंग क्षमता और इस्तेमाल की अवधि पर भी निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, 2000 वॉट का गीजर अगर एक घंटे तक लगातार हीटिंग करे तो वह लगभग 2 यूनिट बिजली खर्च करेगा। हालांकि असल इस्तेमाल में थर्मोस्टेट के कारण हीटिंग बीच-बीच में बंद होती रहती है। इसलिए खरीदने से पहले गीजर की स्टार रेटिंग के साथ उसका BEE लेबल, बिजली की खपत और वॉट क्षमता भी चेक करें।

इन तीन बातों को जरूर चेक करें:

  • टैंक पर कितने साल की वारंटी मिल रही है?
  • हीटिंग एलिमेंट पर कितने साल की वारंटी है?
  • पूरे गीजर और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स पर कितनी वारंटी है?

कितने लीटर का गीजर खरीदना चाहिए?

  • 1 से 2 लोगों के लिए 10-15 लीटर का स्टोरेज गीजर पर्याप्त हो सकता है।
  • 2 से 3 लोगों के लिए 15-25 लीटर का गीजर अच्छा विकल्प हो सकता है।
  • 4 से 5 लोगों के परिवार के लिए 25-35 लीटर या जरूरत के हिसाब से इससे बड़ा गीजर देखा जा सकता है।

हालांकि सही क्षमता इस बात पर भी निर्भर करती है कि आप बाल्टी से नहाते हैं या शॉवर से, पानी कितना गर्म चाहिए और परिवार में कितने लोग लगातार गीजर इस्तेमाल करते हैं।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article