ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी MakeMyTrip 14 नवंबर से अपनी खास डिस्काउंट सेल शुरू करने जा रही है। इस सेल का नाम ‘ट्रैवल का मुहूर्त सेल’ रखा गया है। इसके तहत ग्राहक घरेलू और विदेश यात्रा के लिए फ्लाइट टिकट, होटल, होमस्टे और हॉलिडे पैकेज की बुकिंग पर छूट का फायदा उठा सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, इस सेल को खास बनाने के लिए 30 हजार से ज्यादा घरेलू और 3,500 से अधिक विदेशी होटल और होमस्टे को जोड़ा गया है। इसके अलावा 35 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस और आठ बैंकों के साथ भी साझेदारी की गई है। कंपनी ने ये आंकड़े 11 नवंबर 2026 तक के बताए हैं।
बस और ट्रेन टिकट पर भी छूट
इस सेल में सिर्फ फ्लाइट और होटल की बुकिंग पर ही नहीं, बल्कि कई दूसरी यात्रा सेवाओं पर भी छूट मिलेगी। ग्राहक बस, कैब और ट्रेन टिकट के साथ हॉलिडे पैकेज भी बुक कर सकेंगे। इसके अलावा घूमने की जगहों के एंट्री टिकट, मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों, विदेशी मुद्रा और वीजा सेवाओं पर भी खास ऑफर मिलेंगे।
इन जगहों पर घूमने का मौका
घरेलू छुट्टियां बिताने के लिए ग्राहक पुडुचेरी, कूर्ग, अंडमान, लक्षद्वीप, जम्मू-कश्मीर, केरल, राजस्थान, पूर्वोत्तर भारत और गोवा जैसी जगहों के लिए बुकिंग कर सकते हैं। वहीं, विदेश घूमने का प्लान बना रहे लोगों के लिए जापान, दुबई, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, वियतनाम, श्रीलंका, ब्रिटेन और यूरोप के दूसरे देशों के लिए भी ऑफर दिए जा रहे हैं।
इस सेल में कई मशहूर टूरिस्ट जगहों और मनोरंजन पार्कों की बुकिंग भी शामिल है। इनमें यूएई का फेरारी वर्ल्ड, सिंगापुर का यूनिवर्सल स्टूडियो, मैडम तुसाद म्यूजियम, नाइट सफारी और सिंगापुर चिड़ियाघर शामिल हैं। इसके अलावा वियतनाम के सन वर्ल्ड बा ना हिल्स घूमने के लिए भी बुकिंग की जा सकेगी।
यात्रा की प्लानिंग के लिए खास समय देना चाहती है कंपनी
MakeMyTrip के मुख्य परिचालन अधिकारी (कॉरपोरेट, उड़ान, GCC और मार्केटिंग) राज ऋषि सिंह ने कहा कि भारत में लोग त्योहारों के दौरान मिलने वाली छूट का इंतजार करते हैं। इसी तरह कंपनी चाहती है कि लोग यात्रा की बुकिंग के लिए भी एक खास सेल का इंतजार करें और इस दौरान अपनी छुट्टियों की प्लानिंग करें। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी ‘ट्रैवल का मुहूर्त सेल’ को हर साल होने वाला खास आयोजन बनाना चाहती है। इससे लोगों को पहले से अपनी छुट्टियों की योजना बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही होटल, एयरलाइंस और ट्रैवल से जुड़े दूसरे कारोबारियों को भी छुट्टियों के व्यस्त सीजन की तैयारी करने का समय मिलेगा।
(इनपुट-भाषा)
