PMMY: युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मोदी सरकार ने साल 2015 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत अपना कारोबार शुरू करने या व्यापार में विस्तार करने की इच्छा रखने वाले युवाओं को कोलैटरल के बिना ही 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। बजट 2024 में मुद्रा योजना के तहत दिए जाने लोन की सीमा को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख कर दिया गया है। आइये जानते हैं कि इस योजना का लाभ कौन उठा सकता है और योजना में आवेदन करने के लिए आवश्यक डॉक्यूमेंट क्या हैं?
3 कैटेगरी में मिलता है लोन
इस योजना के तहत 3 कैटेगरी में लोन दिया जाता है। शिशु कैटेगरी के तहत 50,000 रुपये, किशोर कैटेगरी के तहत 5 लाख और तरुण कैटेगरी के तहत 10 लाख रुपये का लोन दिया जाता है। यह लोन बिना कुछ भी गिरवी रखे, यानी बिना कोलैटरल के दिया जाता है। ध्यान रखना चाहिए कि इस योजना के तहत कॉर्पोरेट या कृषि संबंधित लोन नहीं दिए जाते हैं। बेरोजगार युवा जो अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं या पहले से चल रहे कारोबार को बढ़ाना चाहते हैं वह इस योजना का फायदा उठा सकते हैं।
मुद्रा योजना की पात्रता
मुद्रा योजना के तहत लोन प्राप्त करने के लिए कुछ शर्तों को पूरा करना जरूरी है। आपको बता दें कि मुद्रा योजना के तहत लोन प्राप्त करने के लिए आवेदक की उम्र 18 वर्ष से ज्यादा होनी चाहिए और वh भारतीय नागरिक होना चाहिए। इसके साथ ही आपको बैंक के सामने अपना बिजनेस प्लान और प्रोजेक्ट रिपोर्ट पेश करने होंगे। आवेदक की बैंक डिफॉल्ट की हिस्ट्री नहीं होनी चाहिए और जिस कारोबार के लिए लोन लेना हो वह कॉर्पोरेट संस्था नहीं होनी चाहिए।
जरूरी दस्तावेज और कैसे करें अप्लाई
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अप्लाई करने के लिए आपके पास बिजनेस प्लान, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, फाइल किये गए ITR की कॉपी, सेल्फ टैक्स रिटर्न की कॉपी, आधार कार्ड/पहचान पत्र, पैन कार्ड और स्थाई और बिजनेस के ऑफिस एड्रेस का प्रूफ होना चाहिए। आसान स्टेप्स में ऐसे करें अप्लाई:
स्टेप 1: सबसे पहले मुद्रा योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और शिशु, किशोर या तरुण कैटेगरी में से अपनी इच्छानुसार किसी एक का चयन करें।
स्टेप 2: इसके बाद नया पेज खुलेगा जहां आवेदन फॉर्म होगा। इस फॉर्म को डाउनलोड करें और ITR की कॉपी, आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी, स्थायी और बिजनेस एड्रेस का प्रूफ जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट लगाकार इस फॉर्म को बैंक में जमा करें।
स्टेप 3: बैंक वेरीफाई करने के बाद 1 महीने के भीतर ही आपका लोन प्रोसेस कर देगा।
