यूटिलिटी

बारिश में Mobile-Laptop को भीगने से कैसे बचाएं? घर से निकलने से पहले जरूर करें ये काम

बारिश के दिनों (Monsoon) में कई बार कुछ जरूरी कामों के लिए घर से बाहर निकलना पड़ता है। खासकर वर्किंग लोगों को ऑफिस जाने या ऑफिस से घर आने के दौरान साथ में लैपटॉप- मोबाइल कैरी करना पड़ता है।

Image

बारिश में फोन और लैपटॉप को कैसे बचाएं (AI Generated Image)

How to Protect Your Mobile and Laptop From Rain: मानसून जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं कई परेशानियां भी साथ लाता है। बारिश के दिनों में ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता अपने मोबाइल और लैपटॉप जैसे महंगे गैजेट्स को सुरक्षित रखने की ही होती है। अचानक तेज बारिश, पानी के छींटे या बैग में नमी पहुंचने से ये डिवाइस खराब हो सकते हैं। कई बार थोड़ी-सी लापरवाही हजारों रुपये के नुकसान की वजह बन जाती है। अगर आप भी रोजाना लैपटॉप और स्मार्टफोन लेकर घर से बाहर निकलते हैं तो कुछ बातों का खास ध्यान रख सकते हैं-

वॉटरप्रूफ बैग या रेन कवर का इस्तेमाल

बारिश के मौसम में सामान्य बैग की बजाय वाटर-रेसिस्टेंट या वॉटरप्रूफ बैग का इस्तेमाल करना बेहतर होता है। अगर आपके पास ऐसा बैग नहीं है, तो बैग के लिए अलग से रेन कवर खरीद सकते हैं। इससे बारिश का पानी सीधे बैग के अंदर नहीं पहुंच पाएगा और लैपटॉप और दूसरा सामान सुरक्षित रहेगा।

लैपटॉप के लिए प्रोटेक्टिव स्लीव रखें

लैपटॉप को सीधे बैग में रखने की बजाय अच्छी क्वालिटी की वाटर-रेसिस्टेंट लैपटॉप स्लीव या केस का इस्तेमाल करें। यह अतिरिक्त सुरक्षा परत का काम करती है और हल्की नमी या पानी से डिवाइस को बचाने में मदद करती है।

मोबाइल के लिए वॉटरप्रूफ पाउच रखें

अगर बारिश में अक्सर बाहर रहना पड़ता है तो मोबाइल के लिए वाटरप्रूफ पाउच या वाटर-रेसिस्टेंट कवर का इस्तेमाल करें। इससे फोन बारिश की बूंदों और पानी के छींटों से काफी हद तक सुरक्षित रहता है। कई पाउच ऐसे भी आते हैं जिनमें फोन बाहर निकाले बिना टचस्क्रीन का इस्तेमाल किया जा सकता है।

बैग में सिलिका जेल पैकेट रखें

नए इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ मिलने वाले सिलिका जेल पैकेट नमी को सोखने का काम करते हैं। इन्हें बैग या लैपटॉप कंपार्टमेंट में रखने से अंदर बनने वाली नमी कम हो सकती है। हालांकि, इन्हें बच्चों की पहुंच से दूर रखें और समय-समय पर बदलते रहें।

बारिश में खुले में गैजेट का इस्तेमाल न करें

तेज बारिश के दौरान मोबाइल पर कॉल करने या लैपटॉप का इस्तेमाल करने से बचें। अगर जरूरी हो तो किसी छत, शेड या सुरक्षित स्थान पर रुककर ही डिवाइस का इस्तेमाल करें। लगातार पानी की बूंदें स्क्रीन, स्पीकर, माइक्रोफोन और चार्जिंग पोर्ट में पहुंच सकती हैं।

तुरंत चार्जिंग से बचें

अगर मोबाइल या लैपटॉप किसी वजह से भीग जाए तो सबसे पहले उसे बंद कर दें। उसे तुरंत चार्जर से न जोड़ें और न ही ऑन करने की कोशिश करें। चार्जिंग पोर्ट या अंदर नमी होने पर शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है।

डिवाइस को प्राकृतिक तरीके से सूखने दें

भीगे हुए मोबाइल या लैपटॉप को सूखे और हवादार स्थान पर रखें। बाहर से साफ और मुलायम कपड़े से पानी पोंछ दें। हेयर ड्रायर जैसी तेज गर्म हवा का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि अधिक गर्मी से डिवाइस के अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article