Times Now Navbharat
live-tv
Premium

क्या भविष्य में रॉकेट भी हवाई जहाज की तरह बार-बार उड़ान भर सकेंगे? फेल होकर भी कैसे पास कर गया स्टारशिप

आखिर स्टारशिप की डबल कैच टेक्नोलॉजी क्या है? रॉकेट के दोनों हिस्सों को हवा में पकड़ने की योजना क्यों बनाई गई है? और क्या सचमुच भविष्य में रॉकेट भी हवाई जहाज की तरह बार-बार इस्तेमाल किए जा सकेंगे? समझते हैं।

Image
फेल होकर भी कैसे पास कर गया स्टारशिप (AI Photo)
Compiled by: शिशुपाल कुमार
Updated Nov 14, 2026, 14:47 IST
Follow on Google News

एक समय था जब अंतरिक्ष में रॉकेट भेजना ही विज्ञान की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जाता था। रॉकेट अंतरिक्ष में जाता, अपना मिशन पूरा करता और उसके ज्यादातर हिस्से समुद्र में गिरकर या जलकर खत्म हो जाते थे। यानी हर नए मिशन के लिए लगभग नया रॉकेट तैयार करना पड़ता था। लेकिन अब एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स इस पूरी सोच को बदलने में जुटी है। उसका लक्ष्य है कि रॉकेट अंतरिक्ष में जाए, अपना काम करे और फिर सुरक्षित धरती पर लौट आए, ताकि उसे दोबारा उड़ाया जा सके। ठीक वैसे ही, जैसे एक हवाई जहाज बार-बार उड़ान भरता है। इसी महत्वाकांक्षा के साथ स्पेसएक्स ने अपने विशाल स्टारशिप रॉकेट का नया परीक्षण किया। इस मिशन में कंपनी एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां हासिल करना चाहती थी। पहली, रॉकेट को अंतरिक्ष में पहुंचाना और दूसरी, उसके दोनों हिस्सों को वापस लाकर प्रक्षेपण स्थल पर ही पकड़ना। लेकिन कहानी में एक ट्विस्ट आ गया। रॉकेट का बूस्टर मेक्सिको की खाड़ी में गिरने के बाद विस्फोट से नष्ट हो गया। इसके बावजूद स्टारशिप अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचा और स्पेसएक्स के 26 स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में छोड़ने में सफल रहा। यानी एक बड़ा लक्ष्य अधूरा रहा, लेकिन मिशन के दूसरे अहम लक्ष्य पूरे हुए। यही वजह है कि इस परीक्षण को पूरी तरह नाकाम नहीं कहा जा सकता।

आखिर स्टारशिप की यह तकनीक क्या है? रॉकेट के दोनों हिस्सों को हवा में पकड़ने की योजना क्यों बनाई गई है? और क्या सचमुच भविष्य में रॉकेट भी हवाई जहाज की तरह बार-बार इस्तेमाल किए जा सकेंगे? समझते हैं।

रॉकेट को वापस पकड़ने का आइडिया क्यों आया?

अब तक रॉकेट लॉन्च करने का पारंपरिक तरीका कुछ ऐसा रहा है कि उसका एक हिस्सा अंतरिक्ष की ओर बढ़ता है, जबकि दूसरा हिस्सा अपना काम पूरा करने के बाद वापस धरती की ओर गिरता है। कई रॉकेटों में यह हिस्सा दोबारा इस्तेमाल करने लायक नहीं बचता। इससे हर लॉन्च के लिए नए हार्डवेयर के निर्माण और तैयारी पर खर्च करना पड़ता है। स्पेसएक्स इसी खर्च और समय को कम करना चाहती है। उसका मानना है कि अगर रॉकेट के दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस लाकर फिर से इस्तेमाल किया जा सके तो अंतरिक्ष में सामान भेजना पहले के मुकाबले सस्ता और तेज हो सकता है।

धमाके बाद फटा बूस्टर (फोटो- AP)

धमाके बाद फटा बूस्टर (फोटो- AP)

स्टारशिप इसी सोच पर आधारित है। यह दो प्रमुख हिस्सों से मिलकर बना है।

  1. सुपर हेवी बूस्टर: यह रॉकेट का पहला और निचला हिस्सा है। इसका काम स्टारशिप को धरती से उठाकर शुरुआती ऊंचाई तक पहुंचाना है।
  2. स्टारशिप शिप: यह ऊपरी हिस्सा है, जो बूस्टर से अलग होने के बाद अपनी यात्रा जारी रखता है। यही अंतरिक्ष में उपग्रह, सामान और भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने के लिए तैयार किया जा रहा है।

दोनों हिस्सों को वापस हासिल करना इसलिए जरूरी है क्योंकि स्पेसएक्स केवल रॉकेट को दोबारा इस्तेमाल करने की बात नहीं कर रही, बल्कि उसे कम समय में दोबारा उड़ान के लिए तैयार करने की व्यवस्था बनाना चाहती है।

क्या है डबल कैच टेक्नोलॉजी?

स्टारशिप के इस परीक्षण की सबसे खास बात थी- डबल कैच। इसका मतलब है कि रॉकेट के दोनों हिस्सों को वापस लाकर लॉन्च टावर पर लगे विशाल यांत्रिक हाथों से हवा में ही पकड़ लिया जाए। इन यांत्रिक हाथों को स्पेसएक्स ने 'चॉपस्टिक्स' नाम दिया है। ये किसी विशालकाय चिमटे की तरह काम करते हैं। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि रॉकेट को जमीन पर उतारने के लिए अलग लैंडिंग पैर या समुद्र में उतरने की व्यवस्था पर निर्भरता कम हो सकती है। साथ ही, उसे पकड़ने के बाद दोबारा लॉन्च की तैयारी करना आसान हो सकता है।

स्पेसएक्स पहले ही तीन परीक्षणों में सुपर हेवी बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुकी है। लेकिन इस बार कंपनी का लक्ष्य इससे कहीं बड़ा था- एक ही मिशन में बूस्टर और स्टारशिप दोनों को वापस हासिल करना।

स्पेसएक्स का डबल कैच टेक्नोलॉजी (फोटो- spacex)

स्पेसएक्स का डबल कैच टेक्नोलॉजी (फोटो- spacex)

बूस्टर में विस्फोट, फिर भी मिशन पास कैसे हो गया?

अब सवाल है कि जब रॉकेट का एक हिस्सा विस्फोट में नष्ट हो गया तो स्पेसएक्स इस परीक्षण को पूरी तरह असफल क्यों नहीं मान रही? दरअसल, किसी अंतरिक्ष मिशन की सफलता केवल इस बात से तय नहीं होती कि रॉकेट के सभी हिस्से सुरक्षित लौटे या नहीं। यह भी देखा जाता है कि उसने अपने निर्धारित वैज्ञानिक और तकनीकी लक्ष्य कितने पूरे किए। इस परीक्षण में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। स्टारशिप ने पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने के अपने मुख्य उड़ान लक्ष्य को पूरा किया। वहीं स्टारशिप ने स्पेसएक्स के 26 उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में पहुंचाया। यह उसके पेलोड ले जाने की क्षमता का महत्वपूर्ण प्रदर्शन था। इसलिए यह परीक्षण मिश्रित परिणाम वाला रहा। कक्षीय उड़ान और उपग्रहों की तैनाती सफल रही, लेकिन बूस्टर को वापस पकड़ने का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ।

अभी बाकी है एक चुनौती

एक और महत्वपूर्ण बात है। इस मिशन में स्टारशिप के ऊपरी हिस्से को भी वापस पकड़ने की योजना है। इसके लिए उसे लगभग 22 घंटे तक पृथ्वी की कक्षा में रहने के बाद वापस टेक्सास स्थित प्रक्षेपण स्थल की ओर लौटना है। 14 नवंबर को प्रस्तावित इस कोशिश के लिए अंतिम फैसला वाहन की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा जांच के आधार पर होना है। यानी बूस्टर की नाकामी के बाद भी ऊपरी हिस्से की वापसी की चुनौती बाकी है।

क्यों जरूरी है स्टारशिप का सफल होना?

स्पेसएक्स की यह पूरी कवायद केवल रॉकेट लॉन्च करने का खर्च कम करने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे चंद्रमा और मंगल तक इंसानों को पहुंचाने की बड़ी योजना है। अगर हर अंतरिक्ष यात्रा के लिए नया रॉकेट बनाना पड़े तो लंबी दूरी के मिशनों का खर्च बहुत बढ़ जाएगा। लेकिन यदि एक ही रॉकेट को बार-बार इस्तेमाल किया जा सके तो अधिक सामान और ईंधन अंतरिक्ष में भेजना संभव हो सकता है। नासा भी अपने आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने के लिए स्टारशिप पर भरोसा कर रहा है। इसके लिए स्पेसएक्स को लूनर लैंडर विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस क्षेत्र में जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन भी अपना ब्लू मून लैंडर विकसित कर रही है।

स्टारशिप रॉकेट (फोटो- AP)

स्टारशिप रॉकेट (फोटो- AP)

तो क्या भविष्य में रॉकेट भी हवाई जहाज की तरह उड़ेंगे?

इसका जवाब है- हां, इसकी शुरुआत हो चुकी है, लेकिन अभी मंजिल दूर है। फाल्कन-9 ने साबित किया है कि रॉकेट के महंगे हिस्सों को वापस लाकर दोबारा उड़ाया जा सकता है। अब स्टारशिप के जरिए स्पेसएक्स पूरी प्रणाली को दोबारा इस्तेमाल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। लेकिन हवाई जहाज की तरह एक उड़ान के तुरंत बाद दूसरी उड़ान भरने के लिए केवल रॉकेट को पकड़ लेना पर्याप्त नहीं होगा। उसकी तकनीकी जांच, सुरक्षा, ईंधन भरने और रखरखाव की प्रक्रिया भी उतनी ही तेज और भरोसेमंद बनानी होगी।

स्टारशिप का यह परीक्षण इसी बड़े बदलाव की दिशा में एक कदम है। बूस्टर को पकड़ने में नाकामी जरूर मिली, लेकिन कक्षा तक पहुंचना और 26 उपग्रहों को तैनात करना बताता है कि मिशन ने महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति भी की है।

End of Article