देश

मुंबई में छठ पूजा पर सियासी घमासान, राज ठाकरे पर बरसे चिराग पासवान; बोले- उत्तर भारतीयों के योगदान का सम्मान करें

महाराष्ट्र में छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर राज ठाकरे के बयान पर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राज ठाकरे की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी क्षेत्रवाद को बढ़ावा देती रही है। उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के लोग देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देते हैं, इसलिए उनकी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का भी सम्मान होना चाहिए।

Image

छठ पूजा और भोजपुरी गानों पर राज ठाकरे को चिराग पासवान का जवाब। PTI

Photo : PTI

Chhath Puja Mumbai Controversy: महाराष्ट्र में छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर राज ठाकरे की ओर से सवाल उठाए जाने पर बिहार की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिक्रिया सामने आने लगी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस मुद्दे पर राज ठाकरे की राजनीति पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे की पार्टी हमेशा से क्षेत्रवाद की राजनीति को बढ़ावा देती रही है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि बड़ी संख्या में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग मुंबई समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में काम करने जाते हैं। देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में उनका अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि देश का शायद ही कोई ऐसा कोना होगा, जहां बिहारी और उत्तर प्रदेश के लोग किसी न किसी भूमिका में योगदान न दे रहे हों।

'उत्तर भारतीयों के योगदान की सराहना होनी चाहिए'

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग मजदूर, कर्मचारी और उद्यमी के तौर पर देश की व्यवस्था और अर्थव्यवस्था का हिस्सा हैं। ऐसे में उनके योगदान की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में केवल मराठी परंपराओं को ही महत्व देना और उत्तर भारतीयों की परंपराओं या गीतों का सम्मान नहीं करना उचित सोच नहीं है।

राज ठाकरे की राजनीति पर साधा निशाना

चिराग पासवान ने राज ठाकरे की पार्टी की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्रवाद को बढ़ावा देना उनकी राजनीति का हिस्सा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि किसी राज्य में रहने वाले दूसरे राज्यों के लोगों की संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का भी सम्मान होना चाहिए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article