यूटिलिटी

Credit Card Rewards या Cashback क्या है ज्यादा फायदेमंद? पहले समझें दोनों के बीच अंतर

Rewards vs Cashbacks: क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो कार्ड के इस्तेमाल पर रिवॉर्ड पॉइंट्स (Reward Points) या कैशबैक (Cashback) जैसी सुविधाएं भी पाते होंगे। लेकिन आपके लिए क्या ज्यादा फायदेमंद है आइए जानते हैं-

Image

क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड बेहतर है या कैशबैक (AI Generated Image)

Rewards vs Cashbacks: आज के समय में क्रेडिट कार्ड (Credit Card) केवल के जरिए केवल पेमेंट ही नहीं की जा रही बल्कि यह बचत और अतिरिक्त लाभ पाने का भी एक जरिया बन गया है। लगभग हर बैंक अपने ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स (Reward Points) या कैशबैक (Cashback) जैसी सुविधाएं देता है। आप भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते होंगे और कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स पाते होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं इन दोनों में क्या अंतर है और कौन-सा ऑप्शन ज्यादा फायदेमंद है?

अगर आप नया क्रेडिट कार्ड लेने की योजना बना रहे हैं या अपने मौजूदा कार्ड का अधिकतम लाभ उठाना चाहते हैं तो इन दोनों सुविधाओं के बीच का अंतर समझना जरूरी है।

क्या होता है Credit Card Rewards?

रिवॉर्ड प्रोग्राम के तहत आपके द्वारा किए गए खर्च पर बैंक आपको रिवॉर्ड पॉइंट्स देता है। उदाहरण के लिए अगर किसी कार्ड पर हर 100 रुपये के खर्च पर 2 रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं तो खरीदारी के साथ आपके खाते में पॉइंट्स जमा होते रहते हैं। बाद में इन रिवॉर्ड पॉइंट्स का इस्तेमाल कई तरीकों से किया जा सकता है। आप इन्हें गिफ्ट वाउचर, शॉपिंग, एयर माइल्स, होटल बुकिंग, इलेक्ट्रॉनिक सामान या बैंक के रिवॉर्ड कैटलॉग में उपलब्ध दूसरे प्रोडक्ट और सर्विस के लिए रिडीम कर सकते हैं।

हालांकि, अलग-अलग बैंकों के रिवॉर्ड प्रोग्राम और पॉइंट्स की वैल्यू अलग हो सकती है। कुछ मामलों में रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैलिडिटी (Validity) भी सीमित होती है। यानि अगर तय समय के भीतर इनका इस्तेमाल नहीं किया जाए तो वे समाप्त भी हो सकते हैं।

क्या होता है Cashback?

कैशबैक एक ऐसी सुविधा है जिसमें खरीदारी करने पर खर्च की गई राशि का एक निश्चित प्रतिशत सीधे आपके क्रेडिट कार्ड खाते में वापस आ जाता है। उदाहरण के लिए अगर किसी कार्ड पर 5 प्रतिशत कैशबैक मिलता है और आपने 10,000 रुपये की खरीदारी की है तो तय शर्तों के अनुसार 500 रुपये तक की राशि आपके कार्ड स्टेटमेंट में एडजस्ट की जा सकती है। कैशबैक का सबसे बड़ा फायदा ही यह है कि इसमें रिवॉर्ड पॉइंट्स जमा करने या उन्हें रिडीम करने की जरूरत नहीं होती। ग्राहकों को मिलने वाला लाभ सीधे दिखाई देता है, जिससे खर्च की वास्तविक लागत कम हो जाती है।

दोनों में क्या है मुख्य अंतर?

रिवॉर्ड और कैशबैक दोनों का उद्देश्य ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ देना है, लेकिन दोनों का तरीका अलग होता है। रिवॉर्ड में आपको पॉइंट्स मिलते हैं, जिन्हें बाद में अलग-अलग प्रोडक्ट और सर्विस के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, कैशबैक में खर्च का एक हिस्सा सीधे वापस मिल जाता है।

रिवॉर्ड या कैशबैक क्या है ज्यादा फायदेमंद

अगर आप ट्रैवल, होटल बुकिंग या प्रीमियम लाइफस्टाइल बेनिफिट्स का अधिक इस्तेमाल करते हैं तो रिवॉर्ड कार्ड आपके लिए बेहतर हो सकता है। वहीं, अगर आप रोजमर्रा के खर्चों पर सीधी बचत चाहते हैं, तो कैशबैक कार्ड अधिक काम का साबित हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article