शहर

Ayodhya News : सुबह काढ़ा, रात में गर्म केसरयुक्त दूध... सर्दियों में ऐसे हो रही रामलला की सेवा

अयोध्या के राम मंदिर में सर्दियों के मद्देनजर रामलला की दिनचर्या में बदलाव किया गया है। अब उन्हें सुबह काढ़ा और केसरयुक्त दूध, गर्म पानी से स्नान और रात में गर्म दूध का भोग अर्पित किया जा रहा है।

Image

महंत दिनेंद्र दास, सदस्य राम मंदिर ट्रस्ट

अयोध्या : अयोध्या में ठंड बढ़ने के साथ राम मंदिर में रामलला की सेवा पद्धति में बदलाव किया गया है। बाल स्वरूप में विराजमान प्रभु राम के खानपान, वस्त्रों और स्नान की व्यवस्था को सर्दियों के अनुकूल बनाया गया है। सुबह जागरण के समय से लेकर रात में शयन तक उनकी सेवा में मौसम का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

अयोध्या के राम मंदिर में विराजमान रामलला की दिनचर्या अब सर्दियों के हिसाब से तय की जा रही है। पांच वर्षीय बालक के स्वरूप में पूजे जाने वाले प्रभु रामलला को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुबह की शुरुआत काढ़े और केसरयुक्त दूध से हो रही है, जबकि रात में शयन से पहले गर्म दूध का भोग लगाया जा रहा है।

मंदिर में प्रतिदिन सुबह करीब 4:30 बजे शंखनाद के साथ रामलला का जागरण होता है। इसके बाद उन्हें गर्म पानी से स्नान और अभिषेक कराया जाता है। सुबह 6:30 बजे शृंगार आरती होती है और सात बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए जाते हैं।

सुबह करीब नौ बजे रामलला को बालभोग अर्पित किया जाता है। इसमें रबड़ी, केसरयुक्त दूध और काढ़ा शामिल होता है। वहीं, दोपहर के समय खीर, पूरी और सब्जियों का भोग लगाया जाता है। रात में शयन से पहले गर्म दूध अर्पित करने की व्यवस्था है।

श्रीराम मंदिर के व्यवस्था प्रमुख इंद्रदेव मिश्र के मुताबिक, रामलला के जागरण से लेकर शयन तक की पूरी सेवा में मौसम का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसके लिए मंदिर में 14 प्रमुख सेवक तैनात हैं, जो निर्धारित सेवा पद्धति के अनुसार जिम्मेदारियां निभाते हैं। मंदिर में की गई ये व्यवस्थाएं रामलला के बाल स्वरूप के प्रति वात्सल्य भाव को दर्शाती हैं। साथ ही, यह मंदिर की पारंपरिक सेवा पद्धति का हिस्सा भी हैं, जिसमें मौसम के अनुसार प्रभु के खानपान और दैनिक दिनचर्या में बदलाव किया जाता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article