टेक एंड गैजेट्स

न साइबर अटैक, न AI की गलती... फिर क्यों ठप पड़ गईं Microsoft की सेवाएं? कंपनी ने किया बड़ा खुलासा

माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक ईमेल समेत कई सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आई तकनीकी बाधा के बाद शनिवार को सभी सेवाएं बहाल हो गईं। कंपनी ने ग्राहकों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान तकनीकी गड़बड़ी हुई थी, जिसका साइबर गतिविधियों या एआई से कोई संबंध नहीं था। कंपनी ने समस्या की विस्तृत जांच और भविष्य में ऐसी रुकावट रोकने के लिए सुधारों का भरोसा दिया है।

Image

माइक्रोसॉफ्ट की सभी सेवाएं बहाल, कंपनी ने वैश्विक स्तर पर बाधा के लिए माफी मांगी। AP

Photo : AP

’आउटलुक’ ईमेल समेत माइक्रोसॉफ्ट की विभिन्न सेवाओं में वैश्विक स्तर पर आई व्यापक बाधा के बाद कंपनी की सभी सेवाएं शनिवार को बहाल हो गईं और उसने सेवाएं बाधित होने से हुई परेशानी के लिए गहरा खेद जताया। कंपनी कहा कि नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान आई तकनीकी समस्या के कारण सेवाएं प्रभावित हुई थीं।

माइक्रोसॉफ्ट के सेवा स्थिति पेज पर शनिवार सुबह बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 के कारोबारी और बड़ी कंपनियों के ग्राहकों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सभी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

माइक्रोसॉफ्ट ने पोस्ट में क्या-क्या लिखा?

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’इस घटना के कारण हमारे ग्राहकों और साझेदारों को हुई परेशानी के लिए हमें बेहद खेद है। हम जानते हैं कि वे हमारी सेवाओं पर कितना भरोसा करते हैं और हम इस जिम्मेदारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं।’’

कंपनी ने कहा कि सेवाओं में बाधा तकनीकी खराबी के कारण आई थी और इसका साइबर गतिविधियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) या एआई एजेंट से कोई संबंध नहीं था। उसने बताया कि पहले नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान एक समस्या उत्पन्न हुई थी, जो हाल में नेटवर्क में किए गए बदलाव के बाद सामने आई।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि उसने समस्या के मूल कारण को दूर कर दिया है। उसने कहा कि सेवाओं की भारी मांग को देखते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया और प्रत्येक चरण में यह भी जांच की गई कि सेवाएं ठीक से काम कर रही हैं या नहीं।

सेवाएं बहाल होने में इतना वक्त क्यों लगा?

कंपनी ने बताया कि इस प्रक्रिया में अधिक समय लगा, लेकिन इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिली कि सेवाएं बहाल होने के बाद बिना किसी रुकावट के काम करती रहें। माइक्रोसॉफ्ट में कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म विभाग के कार्यकारी उपाध्यक्ष चार्ल्स लामन्ना ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जांच से पता चलता है कि तकनीकी समस्याओं और एक के बाद एक कई प्रणालियों में आई खराबियों के कारण सेवाओं को बहाल करना सामान्य से अधिक मुश्किल हो गया था।

उन्होंने कहा, ’’मैं इस घटना की विस्तृत जांच पूरी करने के लिए इंजीनियरिंग टीम के साथ मिलकर काम कर रहा हूं। हम जल्द ही एक रिपोर्ट जारी करेंगे, जिसमें घटनाक्रम का क्रमवार विवरण होगा। इसमें भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए किए जाने वाले सुधारों की भी जानकारी दी जाएगी।’’

माइक्रोसॉफ्ट ने शनिवार को कहा कि उसकी सेवाएं लगातार सामान्य रूप से काम कर रही हैं और समस्या की गंभीरता को देखते हुए कंपनी लंबे समय तक इन पर नजर रखेगी। कंपनी ने कहा कि वह सेवाएं बाधित रहने के दौरान जमा हुए लंबित ईमेल पर भी नजर रख रही है और सभी ईमेल का निपटारा सुनिश्चित करने के बाद ही कंपनी समस्या को पूरी तरह सुलझा हुआ मानेगी। बृहस्पतिवार देर रात शुरू हुई इस समस्या से एशिया से लेकर अमेरिका तक बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता, कंपनियां और कुछ सरकारी कामकाज प्रभावित हुए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article