एजुकेशन

UP Scholarship 2026-27: यूपी स्कॉलरशिप के लिए बढ़ी आवेदन की समयसीमा, 17 नवंबर तक करें आवेदन

उत्तर प्रदेश में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। जिन विद्यार्थियों का स्कॉलरशिप फॉर्म किसी वजह से नहीं भर पाया था, उन्हें शासन ने दोबारा आवेदन करने का मौका दिया है।

Image

यूपी स्कॉलरशिप के लिए बढ़ी आवेदन की समयसीमा (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

UP Scholarship 2026: उत्तर प्रदेश में छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। जिन विद्यार्थियों का स्कॉलरशिप फॉर्म किसी वजह से नहीं भर पाया था, उन्हें शासन ने दोबारा आवेदन करने का मौका दिया है। कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले नए छात्र अब 17 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पहले से छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों को नवीनीकरण के लिए 20 नवंबर तक का समय दिया गया है।

ऐसे में जिन छात्रों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना प्रक्रिया पूरी कर लें।

किसे मिलेगा आवेदन का मौका?

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इंद्रसेन सरोज के अनुसार, अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इसमें अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी शामिल नहीं हैं।

ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसका प्रिंटआउट और जरूरी दस्तावेज अपने स्कूल या कॉलेज में जमा करना होगा। संस्थान इन दस्तावेजों की जांच करके आवेदन को आगे भेजेगा। शिक्षण संस्थानों को 23 नवंबर तक सत्यापन पूरा करके आवेदन ऑनलाइन अग्रसारित करना है। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर भी जांच होगी।

कब आएगी छात्रवृत्ति की राशि?

पहले से छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों के आवेदन का डाटा 1 से 8 दिसंबर तक लॉक किया जाएगा। इसके बाद 9 से 13 दिसंबर के बीच छात्रवृत्ति की मांग तैयार होगी। पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में 14 से 31 दिसंबर के बीच पैसा भेजने का कार्यक्रम है।

वहीं, पहली बार आवेदन करने वाले छात्रों के लिए डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके बाद 16 से 24 जनवरी तक धनराशि की मांग तैयार होगी। नए आवेदकों के खातों में 25 से 31 जनवरी 2027 के बीच छात्रवृत्ति भेजने की योजना है।

आवेदन के बाद यह काम न भूलें

सिर्फ ऑनलाइन फॉर्म भरना काफी नहीं है। विद्यार्थियों को आवेदन की हार्डकॉपी और जरूरी कागजात संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करने होंगे। संस्थान की ओर से दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही आवेदन आगे बढ़ेगा। इसलिए छात्र समय रहते फॉर्म भरें और उसकी प्रिंट कॉपी स्कूल या कॉलेज में जरूर जमा करें।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article