गुजरात के बनासकांठा जिले में डीसा के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बनास नदी के पुल पर तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कंटेनर ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत के कारण BSF के वाहन के आगे चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसे में BSF के करीब 4 जवानों और ट्रैक्टर चालक के घायल होने की खबर है। गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट कर पुल की रेलिंग के पास ही रुक गई और नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
नडाबेट बॉर्डर से दांतीवाड़ा BSF कैंप लौट रहे थे जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा BSF की 137वीं बटालियन के जवानों के साथ हुआ। 137वीं बटालियन के जवान नडाबेट बॉर्डर पर अपनी ड्यूटी पूरी कर दांतीवाड़ा स्थित BSF कैंप की ओर लौट रहे थे। जैसे ही BSF का वाहन डीसा में बनास नदी के पुल पर पहुंचा, उनके वाहन के आगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने BSF के वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि BSF का वाहन आगे चल रहे ट्रैक्टर से जा टकराया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल पर ही पलट गई।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के तुरंत बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और आपातकालीन नंबर 112 की रिस्पॉन्स टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। BSF के घायल 4 जवानों और ट्रैक्टर चालक को तुरंत प्राथमिक उपचार देते हुए डीसा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीसा तालुका पुलिस थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले कंटेनर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
