Tourist Destinations in Uttar Pradesh : भारत का सबसे बड़ा राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश इतिहास, संस्कृति, आध्यात्मिक और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम है। यहां आपको गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियां देखने को मिलती हैं। तो इन नदियों से सिंचित यह प्रदेश हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। यहां आप एक तरफ धार्मिक आस्था के केंद्र देखेंगे तो आपको दुनिया का सबसे बड़ा प्रेम का प्रतीक ताजमहल भी यूपी में देखने को मिलेगा। यहां धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक इमारतें और प्राकृतिक धरोहर पर्यटकों के लिए किसी खजाने से कम नहीं हैं। आज हम आपको उत्तर प्रदेश के कुछ बेहतरीन पर्यटन स्थलों के बारे में बताएंगे।
वाराणसी
वाराणसी को काशी के उपनाम से भी जाना जाता है। ये दुनिया के सबसे प्राचीन शहरों में शामिल है। यहां का धार्मिक पर्यटन दुनिया भर में फेमस है। यहां आप गंगा नदी के घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकटमोचन हनुमान मंदिर और गंगा आरती देखते हुए भक्ति में डूब सकते हैं। यह शहर आपको अध्यात्म और संस्कृति को करीब से महसूस कराता है।
अयोध्या
भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या नगरी धार्मिक पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बन गया है। बीते कुछ समय पहले अयोध्या में बने राम मंदिर के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी उछाल देखने को मिला है। अयोध्या में आप सरयू नदी में स्नान के बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें - बंजी जंपिंग और स्काई डाइविंग में क्या अंतर होता है?
मथुरा-वृंदावन
भगवान श्रीकृष्ण की नगरी के नाम से फेमस मथुरा और वृंदावन यूपी का बड़ा दर्शनीय स्थल है। इसे भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली माना जाता है। मथुरा में आपको जन्मभूमि मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर जैसे मंदिर देखने को मिलेंगे, जबकि वृंदावन में आप बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर जैसे प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं। जन्माष्टमी और होली के अवसर पर मथुरा-वृंदावन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु का जमघट लगता है।
आगरा
विश्व में पर्यटन का खास केन्द्र आगरा प्रेम की नगरी के नाम से जाना जाता है। यहां दुनिया के अजूबों में शामिल ताजमहल मौजूद है। इसे प्रेम का प्रतीक माना जाता है। आगरा में आप ताजमहल के अलावा आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसे स्थानों को देख सकते हैं। ये सभी जगहें भारत के समृद्ध इतिहास और स्थापत्य कला की मिसाल हैं।
