Hidden Travel Gems: विदेश घूमने की बात आती है, तो भारतीय यात्रियों के दिमाग में सबसे पहले थाईलैंड, दुबई और सिंगापुर जैसे नाम आते हैं। लेकिन अब लोगों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है। यात्री अब ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं, जहां उन्हें कुछ नया देखने और अनुभव करने को मिले। क्लियरट्रिप की रिपोर्ट के मुताबिक, इस त्योहारी सीजन में ताइपे, सेबू, डबलिन और फु क्वोक जैसे डेस्टिनेशन्स की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। आइए जानते हैं कि इन जगहों में ऐसा क्या खास है, जो भारतीय पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है।
1- सेबू, फिलीपींस: समुद्र और एडवेंचर के शौकीनों के लिए
अगर आपको समुद्र किनारे समय बिताना और एडवेंचर करना पसंद है, तो फिलीपींस का सेबू आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां यात्रियों की दिलचस्पी में 117% की बढ़ोतरी हुई है।
सेबू अपने साफ नीले पानी, खूबसूरत समुद्र तटों और डाइविंग स्पॉट के लिए जाना जाता है। यहां मोआलबोल में स्नॉर्कलिंग का अनुभव ले सकते हैं और कवासान फॉल्स के नीले पानी को करीब से देख सकते हैं। सेबू सिटी में पुराने चर्च और ऐतिहासिक किले भी मौजूद हैं। यानी यहां समुद्र के साथ इतिहास और स्थानीय संस्कृति को जानने का मौका भी मिलता है।
2- फु क्वोक, वियतनाम: सुकून और खूबसूरत सूर्यास्त
वियतनाम का फु क्वोक उन यात्रियों के लिए अच्छा विकल्प है, जो भीड़भाड़ से दूर समुद्र किनारे छुट्टियां बिताना चाहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस द्वीप की लोकप्रियता में 106% की बढ़ोतरी हुई है।
यहां खूबसूरत समुद्र तटों पर आराम करने, ताजा सीफूड खाने और सूर्यास्त देखने का मजा लिया जा सकता है। यहां की केबल कार यात्रा भी पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र है। इसके अलावा, नाइट मार्केट और मछली पकड़ने वाले गांवों में घूमकर स्थानीय जीवन को करीब से समझ सकते हैं।
3- ताइपे, ताइवान: आधुनिक शहर और पुरानी संस्कृति का मेल
ताइवान की राजधानी ताइपे उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जिन्हें शहर की रौनक के साथ प्रकृति और इतिहास भी पसंद है। यहां ऊंची इमारतों से लेकर पुराने मंदिरों और रंग-बिरंगे बाजारों तक, देखने के लिए काफी कुछ है। क्लियरट्रिप की रिपोर्ट में इस डेस्टिनेशन की लोकप्रियता में 146% की बढ़ोतरी बताई गई है।
यहां घूमने के लिए ताइपे 101 खास जगह है, जहां से शहर का खूबसूरत नजारा देखा जा सकता है। खाने-पीने के शौकीन शिलिन और राओहे नाइट मार्केट जा सकते हैं। यहां स्ट्रीट फूड, डंपलिंग और बबल टी का स्वाद चखने का मौका मिलता है। इसके अलावा, बाइटौ के हॉट स्प्रिंग्स और जीउफेन गांव की सैर भी ट्रिप को यादगार बना सकती है।
4- डबलिन, आयरलैंड: यूरोप घूमने वालों के लिए नया विकल्प
यूरोप घूमने का सपना देख रहे लोगों के लिए आयरलैंड की राजधानी डबलिन एक दिलचस्प विकल्प बन रही है। क्लियरट्रिप की रिपोर्ट में इस शहर की लोकप्रियता में 110% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
डबलिन की पहचान यहां के पुराने पब, लाइव म्यूजिक और दोस्ताना माहौल से है। पर्यटक ट्रिनिटी कॉलेज घूम सकते हैं, गिनीज स्टोरहाउस जा सकते हैं और टेम्पल बार इलाके की रौनक देख सकते हैं। अक्टूबर के आखिर में यहां हैलोवीन का माहौल भी देखने को मिलता है। हालांकि, इस दौरान मौसम ठंडा और बारिश वाला हो सकता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना बेहतर रहेगा।
