यात्रा

Uttarakhand Tourism: ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए खास जगह, जहां दिखता है 15 साल में खिलने वाला दुर्लभ फूल

Uttarakhand Tourism: हिमालय हमेशा से अपनी रहस्यमयी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। ऊंचे पहाड़, बर्फ से ढकी चोटियां, दुर्लभ जीव-जंतु और अनोखे पौधे इसे दुनिया की सबसे खास जगहों में शामिल करते हैं।

Image

ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए खास जगह

Uttarakhand Tourism: हिमालय की बर्फीली चोटियों के बीच एक ऐसा फूल भी खिलता है, जिसे देखना किसी सपने के सच होने जैसा माना जाता है। यह फूल इतनी कम बार खिलता है कि ज्यादातर लोग इसे अपनी पूरी जिंदगी में कभी नहीं देख पाते। स्थानीय लोग इसे केन्जो या पदामचल के नाम से जानते हैं, जबकि कई लोग इसे डायमंड फ्लावर (Diamond Flower) यानी हीरे जैसा फूल भी कहते हैं। हाल ही में इस दुर्लभ फूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसने प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

आखिर क्यों है इतना खास यह फूल

इस फूल की सबसे बड़ी खासियत इसकी खिलने की अवधि है। माना जाता है कि यह फूल करीब 7 से 15 साल में सिर्फ एक बार खिलता है। जब यह पूरी तरह खिलता है तो इसकी ऊंचाई एक आम इंसान जितनी या उससे भी ज्यादा हो सकती है। यही वजह है कि इसे देखना किसी लकी पल से कम नहीं माना जाता।

इतनी कठिन जगह पर भी कैसे जिंदा रहता है

यह फूल हिमालय की उन ऊंचाइयों पर उगता है, जहां सामान्य पौधों का जीवित रहना लगभग नामुमकिन होता है। 4,000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई पर बेहद ठंड, तेज हवाएं, कम ऑक्सीजन और पथरीली जमीन के बीच यह पौधा सालों तक जमीन के अंदर अपनी ताकत जमा करता रहता है। जब सही समय आता है, तब यह अचानक तेजी से बढ़ता है और कुछ समय के लिए खूबसूरत फूलों से भर जाता है। इसके बाद इसका जीवन चक्र पूरा हो जाता है। वैज्ञानिक इस प्रक्रिया को "मास्टिंग" कहते हैं, जिसमें कोई पौधा लंबे इंतजार के बाद एक साथ फूल देता है।

हिमालय में कहां-कहां मिल सकता है यह फूल

अगर आप इस अनोखे फूल को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं, तो आपको हिमालय के ऊंचे इलाकों की यात्रा करनी होगी। उत्तराखंड में इसे मुख्य रूप से इन जगहों पर देखा जा सकता है- गंगोत्री नेशनल पार्क, वैली ऑफ फ्लावर्स। वहीं सिक्किम में यह फूल इन इलाकों में पाया जाता है- लाचेन घाटी, लाचुंग के आसपास के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्र। हालांकि यह हर जगह हर साल नहीं खिलता, इसलिए इसे देखना पूरी तरह किस्मत और सही समय पर निर्भर करता है।

कब करें ट्रेक की प्लानिंग

अगर आपका सपना इस दुर्लभ फूल को देखने का है, तो गर्मियों का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है। इसी समय बर्फ पिघलने के बाद ऊंचाई वाले ट्रेकिंग रूट खुलते हैं और वहां तक पहुंचना आसान हो जाता है। ऐसे ट्रेक चुनें जो 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई तक जाते हों। भारत और नेपाल के हिमालयी इलाकों में कई ऐसे ट्रेक हैं, जहां अल्पाइन घास के मैदान और चट्टानी ढलानों के बीच यह फूल कभी-कभी दिखाई देता है।

अगर आप ट्रेकिंग, एडवेंचर और प्रकृति से प्यार करते हैं, तो हिमालय का यह दुर्लभ डायमंड फ्लावर आपकी विश लिस्ट में जरूर होना चाहिए। हो सकता है कि इसे देखने के लिए सही समय और थोड़ी किस्मत दोनों की जरूरत पड़े, लेकिन अगर कभी यह मौका मिल जाए तो यकीन मानिए, यह आपकी जिंदगी के सबसे यादगार अनुभवों में से एक होगा।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article