Morocco tourism: विदेश घूमने का प्लान कर रहे हैं? आज हम आपको बताएंगे ऐसी खूबसूरत डेस्टिनेशन के बारे में जहां एक ही ट्रिप में अलग-अलग संस्कृतियों, शानदार नजारों, स्वादिष्ट खाने, ऐतिहासिक इमारतों और रोमांच का भरपूर मजा आपको मिल जाएगा। थाईलैंड, वियतनाम जाकर थक चुके हैं तो इस बार मोरक्को (Morocco travel guide) का रुख करें। अफ्रीका का यह देश यूरोप और अरब संस्कृति के बीच एक खूबसूरत पुल जैसा नजर आता है जो आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा। यहां की रंगीन गलियां, पुराने बाजार, शानदार महल, रेगिस्तान और पहाड़ आपको मंत्रमुग्ध कर देंगे।
मोरक्को में चाय सिर्फ पेय नहीं, मेहमाननवाजी है
भारतीयों को चाय बेहद पसंद है। अगर आपको भी घूमने-फिरने के दौरान चाय की तलब लगती है तो मोरक्को पहुंचने के बाद आपको लगेगा कि यहां चाय की अपनी अलग दुनिया है। मोरक्को की मशहूर मिंट चाय यहां की संस्कृति का अहम हिस्सा है। अगर आप यहां रहने के लिए होमस्टे का चुनाव करते हैं तो चाय से स्वागत होना आम बात है। पुदीने की खुशबू वाली यह चाय सिर्फ पीने की चीज नहीं, बल्कि लोगों के बीच बातचीत और अपनापन बढ़ाने का एक तरीका भी है। यही वजह है कि भारतीय यात्रियों को यहां का यह अंदाज काफी जाना-पहचाना लग सकता है।
मसालेदार खाना देखकर आएगी भारत की याद
खाने के शौकीन भारतीयों के लिए मोरक्को की यात्रा सिर्फ घूमने तक सीमित नहीं है। भारतीय खाना और मसालों का स्वाद आपको बार-बार मोरक्को आने पर मजबूर कर देगा। यहां खाने में कई तरह के मसालों और खुशबूदार चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। ताजीन मोरक्को की सबसे मशहूर डिशेज में से एक है, जिसे धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसके अलावा बाजारों और सड़कों पर मिलने वाला स्ट्रीट फूड भी काफी लोकप्रिय है। कई जगहों पर आपको कम बजट में स्थानीय खाने का स्वाद चखने का मौका मिल सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
शाहरुख खान के दीवाने हैं मोरक्को के लोग
बॉलीवुड की लोकप्रियता आपको यहां देखने को मिल जाएगी। भारतीय फिल्मों और सितारों के प्रति यहां के लोगों का खास लगाव है। शाहरुख खान की लोकप्रियता यहां भारतीय यात्रियों के लिए एक दिलचस्प कनेक्शन पैदा करती है। जब आप मोरक्को की गलियों में घूमेंगे तो वहां के लोगों से बॉलीवुड की वजह से बातचीत शुरू होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। यह अनुभव आपको महसूस करा सकता है कि हजारों किलोमीटर दूर होने के बावजूद कुछ चीजें दोनों संस्कृतियों को जोड़ती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गुफा के भीतर विराजमान हैं भगवान शिव, जानिए क्यों खास है श्री केशवनाथेश्वर मंदिर की यात्रा
शेफचौआन की नीली गलियां और रेगिस्तान का रोमांच
मोरक्को में एक तरफ आपको पुराने शहर और रंगीन बाजार मिलेंगे, तो दूसरी तरफ विशाल रेगिस्तान, पहाड़ और समुद्र के खूबसूरत नजारे देखने को मिलेंगे। शेफचौआन अपनी नीली गलियों और इमारतों के लिए दुनियाभर में मशहूर है जो आपकी ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल हो सकता है। वहीं माराकेच के बाजार और फेज की ऐतिहासिक गलियां आपको पुराने मोरक्को की झलक देती हैं। अगर आपको एडवेंचर पसंद है, तो रेगिस्तान में जाना और वहां का नजारा देखना यात्रा का सबसे यादगार हिस्सा बन सकता है। यही विविधता मोरक्को को बाकी पर्यटन स्थलों से अलग बनाती है।
