Madhya Pradesh Travel Mart 2026 : भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के दूसरे दिन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में एग्जिबिशन का शुभारंभ किया गया। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि मध्य प्रदेश में पर्यटन का लगातार विस्तार हो रहा है और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ रही है। राज्य के पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए ट्रैवल मार्ट को महत्वपूर्ण मंच बताया गया।
प्रदर्शनी में देश-विदेश से आए ट्रैवल-टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और होमस्टे संचालकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों से उनके पैकेज, योजनाओं और मध्य प्रदेश में पर्यटन विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।
मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 में कुल 177 ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी स्टॉल लगाए गए हैं। मध्य प्रदेश के पवेलियन में राज्य के ऐतिहासिक किले, वन्यजीव अभयारण्य और प्राकृतिक स्थलों को डिजिटल डिस्प्ले और इंटरैक्टिव कियोस्क के जरिए प्रदर्शित किया गया है। यहां AI आधारित डिजिटल पहल भी आकर्षण का केंद्र है।
पर्यटन ग्राम पंचवटी बना आकर्षण
ट्रैवल मार्ट परिसर में पर्यटन ग्राम पंचवटी की प्रतिकृति भी तैयार की गई है। यहां ग्रामीण होमस्टे, स्टारगेजिंग, बैलगाड़ी की सवारी, साइकिलिंग, जनजातीय लोक नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां कराई जा रही हैं। इसके अलावा गोंड पेंटिंग, हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवन से जुड़ी गतिविधियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
एग्जिबिशन में मध्य प्रदेश की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनमें बाघ प्रिंट, चंदेरी साड़ियां, भील आर्ट, भैरवा क्राफ्ट और बाटिक प्रिंट प्रमुख हैं। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग और पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों के अलावा ट्रैवल-टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी और एग्जिबिटर्स मौजूद रहे।
