यात्रा

IRCTC Tour Package: आईआरसीटीसी के साथ बनाएं धार्मिक यात्रा का प्लान, 3 धाम और 11 ज्योतिर्लिंग दर्शन का पैकेज

IRCTC ने Dev Darshan Yatra के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक ही सफर में 3 धाम, 11 ज्योतिर्लिंग और कई ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों के दर्शन का मौका दिया है। आइए जानते हैं इस खास टूर पैकेज के बारे में विस्तार से...

Image

IRCTC के बनाएं धार्मिक यात्रा का प्लान

IRCTC Tour Package: अगर आप लंबे समय से ऐसी धार्मिक यात्रा का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें एक ही ट्रिप में देश के प्रमुख धामों और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन हो जाएं, तो यह मौका आपके लिए खास हो सकता है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने 'देव दर्शन यात्रा के माध्यम से 3 धाम एवं 11 ज्योतिर्लिंग के दर्शन का विशेष प्रीमियम टूर लॉन्च किया है। यह यात्रा सिर्फ मंदिरों के दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारत की आध्यात्मिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक स्थलों को भी करीब से देखने का अवसर मिलेगा। पूरी यात्रा 3 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। आइए जानते हैं इस पैकेज की कंप्लीट डिटेल...

प्रीमियम ट्रेन से होगा सफर

यह यात्रा पूरी तरह से भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन से कराई जाएगी। ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी कोच उपलब्ध हैं, जिन्हें यात्रियों के आरामदायक अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ट्रेन में दो आधुनिक रेस्तरां, हाई-टेक किचन, सेंसर-आधारित वॉशरूम, अलग शावर क्यूबिकल, फुट मसाजर, सीसीटीवी निगरानी और प्रत्येक कोच में सुरक्षा गार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यानी यह सफर सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि लग्जरी ट्रैवल का भी अनुभव देगा।

पैकेज का नाम और डिटेल

विवरणडिटेल
टूर का नामDev Darshan Yatra: 3 Dham & 11 Jyotirlinga
यात्रा अवधि17 रातें / 18 दिन
प्रस्थान तिथि03 सितंबर 2026
प्रस्थान स्टेशनसफदरजंग रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली
यात्रा का माध्यमभारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन
मुख्य आकर्षण3 धाम, 11 ज्योतिर्लिंग और प्रमुख धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: लंबी फ्लाइट में यात्री अक्सर करते हैं ये गलती

एक यात्रा में 3 धामों के दर्शन

इस स्पिरिचुअल टूर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि श्रद्धालुओं को देश के तीन प्रमुख धामों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। जिसमें आप जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम और द्वारकाधीश के दर्शन कर पाएंगे। इन तीनों धामों का धार्मिक महत्व सदियों से भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है।

11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का शानदार मौका

महादेव के भक्तों के लिए यह यात्रा किसी सपने से कम नहीं है। भगवान शिव के कुल 12 ज्योतिर्लिंग मौजूद हैं, जिसमें से इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे। जिनमें शामिल हैं-

  1. काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग (वाराणसी)
  2. बैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग (देवघर)
  3. मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मार्कापुर)
  4. रामनाथस्वामी/रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग (रामेश्वरम)
  5. भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग (पुणे)
  6. घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग (एलोरा, छत्रपति संभाजीनगर)
  7. त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग (नासिक)
  8. नागेश्वर ज्योतिर्लिंग (द्वारका)
  9. सोमनाथ ज्योतिर्लिंग (सोमनाथ)
  10. महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन)
  11. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग (खंडवा)

इसके अलावा यात्रा के दौरान कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

इतिहास और संस्कृति का अनोखा सफर

यह टूर सिर्फ धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा। यात्रियों को भारत की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई प्रतिष्ठित स्थान भी देखने का मौका मिलेगा। यात्रा में यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल एलोरा का कैलाश मंदिर, नासिक का पंचवटी, धनुष्कोडी के पौराणिक अवशेष, भालका तीर्थ, बेत द्वारका और पुरी समुद्र तट जैसे प्रमुख आकर्षण भी शामिल हैं।

18 दिन के स्पिरिचुअल ट्रैवल का प्लान

यात्रा की शुरुआत दिल्ली से होगी और पहला पड़ाव वाराणसी रहेगा। यहां श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के साथ गंगा में नौका विहार का आनंद भी ले सकेंगे। इसके बाद ट्रेन देवघर पहुंचेगी, जहां बैद्यनाथ धाम के दर्शन होंगे। फिर यात्रा पुरी पहुंचेगी, जहां जगन्नाथ मंदिर और समुद्र तट का अनुभव मिलेगा।

इसके बाद श्रद्धालु मल्लिकार्जुन, रामेश्वरम, धनुष्कोडी, भीमाशंकर, छत्रपति संभाजीनगर (एलोरा), घृष्णेश्वर, नासिक, त्र्यंबकेश्वर, द्वारका, नागेश्वर, सोमनाथ, उज्जैन और अंत में ओंकारेश्वर के दर्शन करेंगे। करीब 18 दिन की यह यात्रा पूरी कर ट्रेन वापस दिल्ली पहुंचेगी।

कितना होगा खर्च

इस यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में बुकिंग की सुविधा दी गई है। जिसमें फर्स्ट एसी में बुकिंग करने पर 1,98,010 रुपए प्रति व्यक्ति, सेकंड एसी में 1,81,995 रुपए प्रति व्यक्ति और थर्ड एसी में बुकिंग के लिए 1,49,965 रुपए प्रति व्यक्ति का किराया देना होगा। ये टिकट प्राइज डबल शेयरिंग के आधार पर तय किए गए हैं।

पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं शामिल है?

IRCTC के इस पैकेज में यात्रियों को अलग से ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। इसमें शामिल हैं-

  • भारत गौरव डीलक्स ट्रेन से यात्रा
  • तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था
  • पूरे सफर में शुद्ध शाकाहारी भोजन
  • स्टेशन से मंदिरों और दर्शनीय स्थलों तक एसी वाहनों से ट्रांसफर
  • ट्रैवल इंश्योरेंस
  • IRCTC के अनुभवी टूर मैनेजर की सेवाएं

क्यों खास है ये यात्रा?

आज की युवा पीढ़ी सिर्फ घूमना नहीं चाहती, बल्कि ऐसे अनुभव तलाशती है जो यात्रा को यादगार बना दें। यह टूर उसी सोच का मेल है, जहां आध्यात्मिकता, इतिहास, संस्कृति और प्रीमियम ट्रैवल का अनूठा संयोजन मिलता है। अगर आप अपने माता-पिता के साथ फैमिली स्पिरिचुअल ट्रिप प्लान कर रहे हैं या भारत की धार्मिक विरासत को करीब से देखना चाहते हैं, तो IRCTC की यह Dev Darshan Yatra एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article