क्रिकेट

IPL 2027: रिकी पॉन्टिंग ने बताया हार्दिक पांड्या की पंजाब किंग्स में एंट्री से हुआ क्या फायदा?

पंजाब किंग्स से हेड कोच रिकी पॉन्टिंग ने बताया है कि हार्दिक पांड्या की टीम में एंट्री से टीम की कौन सी कमियां हुईं दूर। जानिए उन्होंने इस ट्रे़ड के बारे में क्या कहा?

Image

हार्दिक पांड्या (फोटो क्रेडिट Punjab Kings X)

नई दिल्ली: मुख्य कोच रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि हरफनमौला हार्दिक पांड्या के आने से पंजाब किंग्स को अपनी सभी कमजोरियों को दूर करने में मदद मिली है जिससे फ्रेंचाइजी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 चरण से पहले संतुलित 'ऑलराउंड टीम' बन गई है। पांड्या मुंबई इंडियंस से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले ’ट्रेड’ के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं।

पॉन्टिंग ने 'जियोस्टार' से बातचीत में कहा,'मैंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि अगले साल होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले तीन साल के इस चक्र में हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एक साथ बने रहें। इसलिए हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को 'रिलीज' करने और 19 खिलाड़ियों को बरकरार रखने का फैसला किया है।'

हमारे पास है बेहद संतुलित टीम

पॉन्टिंग ने बताया कि 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े पांड्या ने टीम को किस तरह मजबूती दी है। उन्होंने कहा,'हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है। अब हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है। हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है।'

पॉन्टिंग ने कहा,'पांड्या के आने के साथ हमारे पास काफी सारे ऑलराउंडर मार्को यानसन, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, (सूर्यांश) शेडगे, शशांक सिंह और कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। हालांकि इससे हमें काफी फायदा होगा। स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हों या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर, हमने लगभग हर विभाग को कवर कर लिया है।'

बैटिंग ऑर्डर में बदलाव चाहते थे हेटमायर

वहीं राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने शिमरोन हेटमायर को रिलीज करने का फैसला करने के बारे में बात करते हुए कहा,'वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी की बल्लेबाजी क्रम में अलग स्थान पर खेलने की इच्छा थी। हमें हेट्टी (हेटमायर) को रिलीज करना पड़ा। पिछले डेढ़ साल से हेट्टी की इच्छा किसी दूसरे बल्लेबाजी क्रम पर खेलने की रही है। इसमें कोई शक नहीं कि वह अब भी एक शानदार खिलाड़ी हैं।' संगकारा ने कहा,'लेकिन नीलामी में अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को खरीदने के लिए पर्याप्त पैसा जुटाना और टीम को जरूरी लचीलापन देना भी अहम था। इसलिए यह फैसला लेना जरूरी हो गया था। हम ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहते थे। यह हमारे लिए काफी मुश्किल फैसला था।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article