Rahul Gandhi on PM Modi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नौकरी और बेरोजगारी को लेकर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए कहा कि जो लोग देश में नौकरी देते थे, मोदी सरकार ने उन्हीं को खत्म कर दिया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि PM मोदी और उनके दोस्तों ने देश को लूटा है। राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा, “कल मोदी जी उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे- हमने टैक्स घटाया, फिर भी आपने न वेतन बढ़ाया, न नौकरियां दीं। मोदी जी, ये उन पर आरोप नहीं हैं, ये आपका अपना कन्फेशन है।”
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव का बड़ा दावा- सुभासपा का BJP से छत्तीस का आंकड़ा
राहुल गांधी का PM मोदी पर निशाना
राहुल ने आगे लिखा, “आप कहते हैं- इतने भूखे हैं कि पेट ही नहीं भरता। बिल्कुल सही कहा। पूरा देश जानता है कि ये भूख किसकी है। एयरपोर्ट, पोर्ट, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला, सड़कें सब उनको दे दिया। उन्होंने कितनी नौकरियां दीं?” राहुल गांधी का सबसे बड़ा हमला छोटे व्यापारियों और MSME को लेकर था। उन्होंने लिखा, “नौकरियां पैदा करने वाले छोटे व्यापारियों और MSME को आपने नोटबंदी और गलत GST से बर्बाद कर दिया। और जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से मुकाबला करती थीं, उनके लिए तो खेल का मैदान ही खत्म कर दिया गया।”
'मोनोपोली से नहीं पैदा होतीं नौकरियां'
राहुल के मुताबिक, सरकार की नीतियों ने ही नौकरियों का संकट पैदा किया है। उन्होंने लिखा, “मोनोपोली से नौकरियां नहीं पैदा होतीं। इससे कीमतें बढ़ती हैं और मुकाबला खत्म होता है। ‘आप करो, हम देखते हैं’? मोदी जी, लूट आपने और आपके दोस्तों ने की- देश ने देखा, और अभी भी देख रहा है।” ट्वीट के आखिर में राहुल गांधी ने PM मोदी पर तंज कसते हुए लिखा, “ताली नहीं मिली तो बुरा मान गए? आपकी नीतियों ने किसी को ताली बजाने लायक नहीं छोड़ा- न उद्योगपतियों को, न छोटे व्यापारियों को, न महंगाई से जूझ रहे गरीब और मिडिल क्लास को, न बेरोजगार युवाओं को। अपनी ताली और थाली अपनी बची हुई फॉलोइंग से ही बजवा लीजिए।”
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से पूछा था सीधा सवाल
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्योग जगत से सीधा सवाल किया था। PM मोदी ने पूछा था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स में भारी कटौती की और कारोबारी सुगमता के लिए बड़े सुधार किए, इसके बाद भी क्या कंपनियों ने सच में ज्यादा रोजगार पैदा किए हैं और क्या अपने कर्मचारियों के वेतन में इजाफा किया है?
