यात्रा

IRCTC: प्रयागराज से अयोध्या और वाराणसी तक, आस्था से भरी यादगार यात्रा

IRCTC: आस्था से भरी यादगार यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। 8 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है जिसके तहत आपको प्रयागराज से अयोध्या और वाराणसी तक घूमने का मौका मिल रहा है।

Image

आस्था से भरी यादगार यात्रा

IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने आस्था से भरी यादगार यात्रा के लिए शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'PRAYAGRAJ AYODHYA & VARANASI WITH SARNATH EX MUMBAI' है जिसके तहत आपको प्रयागराज से अयोध्या और वाराणसी तक घूमने का मौका मिल रहा है। 8 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है जिसकी शुरुआत 12 जून से हो रही है।

मुंबई से प्रयागराज के लिए शाम 5:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से ट्रेन नंबर 12293 द्वारा प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। रात ट्रेन में सफर करते हुए बितेगी। खाने-पीने की व्यवस्था अपनी तरफ से करनी होगी। दूसरे दिन दोपहर 12:40 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन से होटल तक ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन करने और थोड़ा आराम करने के बाद शहर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसमें त्रिवेणी संगम, अलोपी देवी मंदिर, लेटे हुए हनुमान मंदिर और आनंद भवन संग्रहालय शामिल हैं। शाम को होटल लौटकर डिनर करेंगे और रात वहीं ठहरेंगे।

प्रयागराज से अयोध्या (रविवार)

तीसरे दिन सुबह नाश्ता करने के बाद होटल से चेक-आउट कर अयोध्या के लिए रवाना होंगे, जो भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। रास्ते में नंदीग्राम का दर्शन करेंगे, जहां भगवान राम के वनवास के दौरान उनके छोटे भाई भरत 14 वर्षों तक रहे थे। यहां भरत मंदिर और भरत कुंड देखेंगे। इसके बाद अयोध्या पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। शाम को सूर्य कुंड, लता मंगेशकर चौक और सरयू आरती का दिव्य नजारा देखेंगे। रात का भोजन और ठहराव अयोध्या में रहेगा।

अयोध्या दर्शन (सोमवार)

चौथे दिन सुबह नाश्ते के बाद अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसमें हनुमान गढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, दशरथ महल, कनक भवन और गुप्तार घाट शामिल हैं। दोपहर के भोजन के बाद शाम का समय अपने अनुसार घूमने-फिरने और खरीदारी के लिए रहेगा। रात का भोजन और ठहराव अयोध्या में ही होगा।

अयोध्या से वाराणसी (मंगलवार)

पांचवे दिन नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट कर वाराणसी के लिए रवाना होंगे। रास्ते में दोपहर का भोजन अपनी व्यवस्था से करेंगे। वाराणसी पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। शाम को नौका विहार (बोट राइड) का आनंद लेते हुए बनारस के खूबसूरत घाटों का नजारा देखेंगे और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे। रात का भोजन और ठहराव वाराणसी में रहेगा।

वाराणसी और सारनाथ दर्शन (बुधवार)

छठे दिन सुबह नाश्ते के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर, भारत माता मंदिर, संकट मोचन मंदिर, बिरला मंदिर और तुलसी मानस मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद सारनाथ जाएंगे, जहां भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था। शाम को वाराणसी लौटेंगे। रात का भोजन और ठहराव होटल में रहेगा।

वाराणसी से वापसी यात्रा (गुरुवार)

सांतवे दिन सुबह नाश्ते के बाद बनारस रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे। यहां से सुबह 9:35 बजे ट्रेन संख्या 22178 द्वारा मुंबई के लिए वापसी यात्रा शुरू होगी। रात ट्रेन में सफर करते हुए बितेगी।

मुंबई आगमन-यात्रा समाप्त (शुक्रवार)

सुबह 11:40 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पहुंचेंगे। इसी के साथ आपकी धार्मिक और यादगार यात्रा सुखद स्मृतियों के साथ समाप्त होगी।

खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹38600 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹29050 और ₹27000 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹26600 है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड WMR163A है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इस नंबर पर- 8287931886 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article