इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन यानी IRCTC आपके लिए काफी आकर्षक टूर पैकेज लेकर आती रहती है। जिसमें आप ट्रेन से लेकर फ्लाइट्स तक से देश-विदेश की यात्राएं कर सकते हैं। हाल ही में IRCTC ने एक धार्मिक टूर पैकेज की घोषणा की है। जिसमें भगवान शंकर के 7 ज्योतिर्लिंगों के साथ और भी कई धार्मिक स्थल शामिल हैं। इस यात्रा की शुरुआत भारत गौरव यात्रा के नाम से शुरु की जा रही है। आइए जानते हैं क्या है ये पूरा पैकेज और कब शुरू होगा सफर?
कब और कहां से शुरू होगी यात्रा
IRCTC के धार्मिक यात्रा के इस शानदार टूर पैकेज के ट्रिप की शुरुआत 31 मई के दिन झारखंड के धनबाद जंक्शन से होगी। इस टूर में आप भारत गौरव ट्रेन के द्वारा देश के बड़े धार्मिक स्थलों के दर्शन एक साथ कर पाएंगे। 11 रात और 12 दिन तक चलने वाली इस ट्रिप में आपको पूरी लग्जरी सुविधाएं मिलेंगी। आपको बता दें कि इस ट्रिप का आयोजन भारतीय रेल की सहायक कंपनी IRCTC द्वारा किया जा रहा है।
कितना होगा खर्च?
IRCTC के इस टूर पैकेज से सफर करने के लिए आपको दो तरह के ऑप्शन दिए जा रहे हैं। इसमें आप इकॉनमी और स्टैंडर्ड क्लास के माध्यम से अपना सफर कर सकते हैं। इकोनॉमी क्लास से सफर करने के लिए आपको 23575 रुपए प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे। जबकि स्टैंडर्ड क्लास में सफर करने के लिए आपसे 39990 रुपए लिए जाएंगे। इस पैकेज में आपका घूमने-फिरने से लेकर खाना-पीना और होटल में रुकना तक शामिल है।
कहां-कहां होंगे दर्शन?
रेलवे के बनाए इस खास टूर पैकेज में आपको भगवान शंकर के 7 ज्योतिर्लिंग- ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, ग्रिश्नेश्वर, नागेश्वर के अलावा देश के बड़े धार्मिक केंद्र जैसे- द्वारका, शिरडी, और शनि शिंगणापुर भी शामिल हैं।
