यात्रा

IRCTC: कम खर्च में करें खूबसूरत अराकू वैली की सैर, जानिए पूरा टूर प्लान

IRCTC: अगर आप कम समय में किसी ऐसी जगह घूमना चाहते हैं जहां हरियाली, पहाड़, झरने और शानदार प्राकृतिक नजारे एक साथ देखने को मिलें, तो ये टूर पैकेज आपके लिए परफेक्ट है।

Image

खूबसूरत अराकू वैली की सैर

IRCTC: आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज के साथ अब आप रेल और सड़क दोनों का अनुभव एक ही यात्रा में ले सकते हैं। ये Araku Rail Cum Road Package उन लोगों के लिए शानदार है जो एक दिन में आरामदायक और यादगार ट्रिप करना चाहते हैं। सिर्फ एक दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है जिसमें आप विशाखापट्टनम से ट्रेन के जरिए अराकू पहुंचेंगे और वापसी सड़क मार्ग से करेंगे। रास्ते में कई खूबसूरत पर्यटन स्थलों को देखने का मौका भी मिलेगा।

सुबह ट्रेन से शुरू होगी खूबसूरत यात्रा

इस पैकेज के लिए बुकिंग आप अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी दिन के लिए कर सकते हैं। यात्रा की शुरुआत विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन से सुबह 7:00 बजे होती है। ट्रेन लगभग 11:00 बजे अराकू वैली पहुंचेगी। यह ट्रेन यात्रा अपने आप में बेहद खास मानी जाती है क्योंकि रास्ते में कई सुरंगें, घाटियां, पुल और हरे-भरे पहाड़ देखने को मिलते हैं। प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह सफर किसी जन्नत से कम नहीं होता।

अराकू पहुंचकर घूमें ये शानदार जगहें

अराकू पहुंचने के बाद सबसे पहले ट्राइबल म्यूजियम घूमने का मौका मिलता है। इसके बाद पद्मापुरम गार्डन ले जाया जाता है। यह गार्डन अपनी खूबसूरत हरियाली, रंग-बिरंगे फूलों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। सड़क मार्ग से लौटते समय सबसे पहले अनंतगिरि कॉफी प्लांटेशन दिखाए जाते हैं। यहां दूर-दूर तक फैले कॉफी के बागान बेहद आकर्षक लगते हैं। इसके बाद गालिकोंडा व्यू पॉइंट पर रुकने का मौका मिलता है। यहां से आसपास की घाटियों और पहाड़ों का शानदार नजारा दिखाई देता है। यात्रा का सबसे रोमांचक पड़ाव बोरा गुफाएं हैं। लाखों साल पुरानी इन प्राकृतिक चूना पत्थर की गुफाओं की बनावट देखने लायक होती है। इस पैकेज में बोरा गुफाओं का एंट्री टिकट भी शामिल है, इसलिए अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ती। रात तक यात्रियों को वापस विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन छोड़ दिया जाता है।

पैकेज में क्या-क्या शामिल है

ट्रेन यात्रा (कम्फर्ट के लिए EV क्लास और स्टैंडर्ड के लिए SL क्लास)

तय कार्यक्रम के अनुसार नॉन-एसी सड़क परिवहन

एक पैक्ड नाश्ता

एक शाकाहारी लंच

शाम की हाई-टी (स्नैक्स सहित)

बोरा गुफाओं का प्रवेश शुल्क

ट्रैवल इंश्योरेंस

सभी लागू टैक्स

कितना है पैकेज का किराया?

यात्रियों की सुविधा के लिए यह पैकेज Comfort (EV) और Standard (SL) दो श्रेणियों में उपलब्ध है।

Comfort (EV)

सिंगल: ₹6,545

डबल: ₹4,055 प्रति व्यक्ति

ट्रिपल: ₹3,225 प्रति व्यक्ति

चार लोगों का समूह: ₹2,810 प्रति व्यक्ति

Standard (SL)

सिंगल: ₹5,650

डबल: ₹3,160 प्रति व्यक्ति

ट्रिपल: ₹2,330 प्रति व्यक्ति

चार लोगों का समूह: ₹1,915 प्रति व्यक्ति

अगर आप वीकेंड पर छोटी लेकिन यादगार यात्रा करना चाहते हैं तो ये टूर पैकेज आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। इस टूर पैकेज का कोड- SCVR09 है। आईआरसीटसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज के लिए बुकिंग कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article