यात्रा

IRCTC: मालदीव जैसा फील देगी ये ट्रिप, समंदर की लहरों के बीच लें डिनर का मजा

IRCTC: समंदर की लहरों के बीच अगर आप शानदार छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो ये टूर पैकेज आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है। 6 दिन की इस ट्रिप में आपको मालदीव जैसा फील मिल जाएगा।

Image

मालदीव जैसा फील देगी ये ट्रिप (फोटो: AI)

IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने आपके 6 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस टूर पैकेज के तहत आपको अंडमान और निकोबार आइलैंड घूमने का मौका मिल रहा है। ये ट्रिप आपको बिल्कुल मालदीव जैसा फील देने वाली है। इस टूर पैकेज का नाम- 'SCENIC ANDAMAN WITH DINNER CRUISE' है। अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी दिन के लिए आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं।

पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही आईआरसीटीसी की टीम आपका स्वागत करेगी और होटल तक छोड़ देगी। दोपहर के भोजन के बाद आप कॉर्बिन्स कोव बीच घूमेंगे, जो नारियल के पेड़ों से घिरा बेहद खूबसूरत समुद्र तट है। इसके बाद आप ऐतिहासिक सेल्युलर जेल जाएंगे, जहां भारत के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की यादें आज भी जीवित हैं। शाम को यहां होने वाला लाइट एंड साउंड शो देखेंगे, जो आजादी की कहानी को बेहद भावुक अंदाज में प्रस्तुत करता है। रात का ठहराव पोर्ट ब्लेयर में होगा।

दिन 2: रॉस आइलैंड, नॉर्थ बे और डिनर क्रूज

नाश्ते के बाद रॉस आइलैंड की सैर पर निकलेंगे। ब्रिटिश शासन के दौरान यह अंडमान की राजधानी हुआ करती थी। यहां आपको पुराने चर्च, बेकरी, सरकारी भवन, कब्रिस्तान और कई ऐतिहासिक खंडहर देखने को मिलेंगे। इसके बाद नॉर्थ बे आइलैंड जाएंगे, जो अपने एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। यहां आप स्कूबा डाइविंग, ग्लास बॉटम बोट राइड या सबमरीन राइड का आनंद ले सकते हैं और समुद्र के भीतर रंग-बिरंगी कोरल रीफ और समुद्री जीवों को करीब से देख सकते हैं। शाम को शानदार बेला बे क्रूज में डिनर का आनंद लेंगे। रात पोर्ट ब्लेयर में बिताएंगे।

दिन 3: हैवलॉक आइलैंड, काला पत्थर और राधानगर बीच

सुबह जल्दी फेरी से हैवलॉक आइलैंड के लिए रवाना होंगे। यहां पहुंचने के बाद सबसे पहले काला पत्थर बीच घूमेंगे, जो अपनी शांत सुंदरता के लिए जाना जाता है। होटल में चेक-इन करने के बाद दोपहर में एशिया के सबसे खूबसूरत समुद्र तटों में गिने जाने वाले राधानगर बीच जाएंगे। यहां का सफेद रेत वाला किनारा और नीला समुद्र आपका दिल जीत लेगा। रात हैवलॉक आइलैंड में बिताएंगे।

दिन 4: नील आइलैंड-भारतपुर बीच, नेचुरल ब्रिज और लक्ष्मणपुर बीच

नाश्ते के बाद क्रूज के जरिए नील आइलैंड पहुंचेंगे। होटल में चेक-इन करने के बाद भारतपुर बीच की सैर करेंगे, जो अपने साफ पानी और वाटर एक्टिविटीज के लिए प्रसिद्ध है। इसके बाद प्राकृतिक रूप से बने अद्भुत नेचुरल ब्रिज को देखेंगे। शाम को खूबसूरत सूर्यास्त देखने के लिए लक्ष्मणपुर बीच जाएंगे। रात का ठहराव नील आइलैंड के रिसॉर्ट में होगा।

दिन 5: नील आइलैंड से पोर्ट ब्लेयर वापसी

सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और दोपहर में क्रूज के जरिए वापस पोर्ट ब्लेयर लौटेंगे। दिन का बाकी समय आराम या अपनी पसंद की गतिविधियों के लिए रहेगा। रात पोर्ट ब्लेयर में बिताएंगे।

दिन 6: अंडमान को अलविदा

सुबह अपना सामान पैक करें और कुछ समय अपने हिसाब से बिताएं। इसके बाद आपको एयरपोर्ट तक छोड़ दिया जाएगा। यहीं आपकी खूबसूरत और यादगार अंडमान यात्रा समाप्त होगी।

खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹54000 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹34200 और ₹31400 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹21600 है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड EHH133 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 6290861577, 85959 04074 संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article