यात्रा

समुद्र के बीच बसा वो शहर, जो एक रात में बन गया डरावना, जानिए पूरी कहानी

Haunted Travel Destinations: धनुषकोडी एक ऐसी जगह है जो हमें याद दिलाती है कि प्रकृति कितनी ताकतवर होती है। एक पल में बसा-बसाया शहर उजड़ सकता है। आज भी यहां का सन्नाटा और खंडहर उस पुराने समय की कहानी सुनाते हैं जो थोड़ा डरावना भी है और काफी दिलचस्प भी। अगर आप यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो फिर यहां घूमने जा सकते हैं।

Image

धनुषकोडी एक छोटा सा बंदरगाह शहर (फोटो: CANVA)

Haunted Travel Destinations: घूमने-फिरने के लिए अगर आप किसी यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये जगह आपको पूरी तरह से रोमांच से भर देगी। धनुषकोडी एक छोटा सा बंदरगाह शहर था, जो 1964 में आए एक भयानक चक्रवात में पूरी तरह तबाह हो गया। इस तूफान में 800 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और पूरा शहर लगभग समुद्र में समा गया। आज ये जगह एक घोस्ट टाउन के रूप में जानी जाती है, जहां सिर्फ खंडहर और सन्नाटा बचा है। ये जगह बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के मिलन बिंदु पर स्थित है और श्रीलंका के काफी करीब है। साफ मौसम में यहां से श्रीलंका का किनारा भी दिखाई दे जाता है।

1964 का वो तूफान इतना खतरनाक था कि हवा की रफ्तार करीब 270 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी और समुद्र में 20 फीट ऊंची लहरें उठीं। इसने पूरे शहर को तबाह कर दिया। हजारों लोग फंस गए थे और शहर का संपर्क पूरी तरह टूट गया, खासकर जब Pamban Bridge भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।

आज धनुषकोडी में ज्यादा कुछ देखने को नहीं है, क्योंकि यहां डेवलपमेंट बहुत कम है। लेकिन जो लोग यहां आते हैं, वो पुराने रेलवे स्टेशन और टूटी-फूटी इमारतों के खंडहर देखने जरूर जाते हैं। जो इस बात की याद दिलाते हैं कि कभी ये जगह काफी रौनकभरी हुआ करती थी।

इस जगह की एक और खास बात है कि ये रामसेतू के पास स्थित है, जिसे Adam’s Bridge भी कहा जाता है। मान्यता है कि भगवान राम ने यहीं से श्रीलंका तक पुल बनवाया था। हालांकि, आज ये शहर वीरान है, लेकिन पास का रामेश्वरम टूरिस्ट्स के लिए काफी एक्टिव है। वहां से लोग हस्तशिल्प, रेशमी साड़ियां और लोकल चीजें खरीद सकते हैं।

धनुषकोडी जाने वाला रास्ता बहुत ही एकांत और दोनों तरफ समुद्र से घिरा हुआ है। पर्यटकों को शाम ढलने के बाद यहां रुकने की अनुमति नहीं है। बता दें कि इस जगह से जुड़ी कई अधूरी कहानियां भी हैं जो लोगों के दिलों में घर कर गई हैं। कई सैलानी यहां अजीब सी शांति और भारीपन महसूस करने का दावा करते हैं, जो उस रात की भयावहता की याद दिलाता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article