शहर

रक्षाबंधन पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी पाती, कहा- बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी कर बहन-बेटियों की सुरक्षा का संकल्प दोहराया है। उन्होंने महिलाओं के लिए 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा का ऐलान किया।

Image

पाती लिखकर सीएम योगी ने की खास अपील (फाइल फोटो | CMO)

Yogi Ki Pati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'श्रावण पूर्णिमा' पर मनाए जाने वाले पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष 'पाती' लिखकर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बंधने वाला धागा नहीं है, बल्कि यह स्नेह, विश्वास और कर्तव्यबोध का प्रतीक है जो परिवार को जोड़ता है और समाज में आत्मीयता जगाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सुनिश्चित करना सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

"सनातन संस्कारों का प्रतीक है रक्षाबंधन"

अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन सनातन संस्कृति की सुदृढ़ परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण की उंगली से रक्त बहने लगा था, तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का किनारा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया था। श्रीकृष्ण ने संकट के समय द्रौपदी की रक्षा करके उनके स्नेह का मान रखा। माता लक्ष्मी ने राजा बलि को रक्षा-सूत्र बांधकर अपना भाई बनाया और भगवान विष्णु को अपने साथ वैकुंठ ले आईं।

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि आज के आधुनिक और तकनीकी युग में नई पीढ़ी के लिए इन संस्कारों को अपने आचरण का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। यही संस्कार परिवारों को सुदृढ़ करते हैं, समाज को एकजुट रखते हैं और संविधान की प्रस्तावना में निहित समानता, बंधुता तथा सामाजिक समरसता को शक्ति प्रदान करते हैं।

माताओं-बहनों के लिए 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

संवेदनशील सरकार का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर प्रदेश की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में 27 अगस्त से 29 अगस्त तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से लगातार दी जा रही इस सुविधा का उद्देश्य महिलाओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते साढ़े नौ वर्षों में बहन-बेटियों की प्रगति के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जा रहा है।

सीएम योगी की विशेष अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रदेशवासियों से दो प्रमुख आग्रह किए हैं। पहला ये कि रक्षाबंधन के दिन सीमाओं पर मुस्तैद सुरक्षाबलों, कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों और आपदा राहतकर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति कृतज्ञता जताएं। और दूसरा ये कि बाजार से राखी और उपहार खरीदते समय स्थानीय स्तर पर बनी राखियों और सामग्रियों को प्राथमिकता दें। स्थानीय राखियों के उपयोग से स्थानीय कारीगरों के श्रम, कौशल और उद्यम को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article