स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Max Verstappen Car Crash Video: डच ग्रांड प्रीक्स में रविवार को पहले ही लैप में एक भयानक दुर्घटना के कारण मैक्स वेरस्टैपेन की रेस समय से पहले ही खत्म हो गई। चार बार के फॉर्मूला 1 वर्ल्ड चैंपियन अपने घरेलू दर्शकों के सामने बैरियर से टकरा गए। इसके चलते उनकी कार क्रैश हो गई। हालांकि, वह पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकले। साथ ही ट्रैक पर कोई और हादसा नहीं हुआ। वहीं, लैंडो नॉरिस ने डच ग्रांड प्रीक्स का खिताब जीता।
मैस्कॉट सर्किट जैंडवोर्ट में आयोजित ग्रांड प्रीक्स में अनुभवी फॉर्मूला वन रेसर वेरस्टैपेन रेस में सातवें स्थान पर चल रहे थे। तभी अचानक गीले ट्रैक पर आखिरी मोड़ पर गाड़ी के फिसल गई। इसके चलते उनका नियंत्रण खो गया। उनकी कार सर्किट के बैरियर से जा जकराई और फिर फिसलकर वापस ट्रैक पर आकर दूसरी तरफ की बैरियर से टकराई। इसके चलते कार के पार्ट टूटकर रेसिंग ट्रैक पर बिखर गए।
आधे घंटे तक रुकी रही रेस
इस जबरदस्त टक्कर के तुरंत बाद रेड फ्लैग दिखाया गया और रेस रोक दी गई। वेरस्टैपेन, ने रेडियो के जरिए टीम को बताया कि वह ठीक हैं। साथ ही टीम से माफी भी मांगी। भयानक हादसे के चलते रेस में लगभग आधे घंटे की देरी हुई। इस घटना के कुछ ही देर बाद एक और डरावना पल भी आया। जब गैब्रियल बोर्टोलेटो की कार का पहिया अचानक घूम गया और धुंए का गुबार उठा। इसके चलते उनकी साथी खिलाड़ी से टक्कर होते-होते रह गई।
लैंडो नॉरिस ने जीती रेस
हालांकि, लैंडो नॉरिस ने इस उथल-पुथल भरी रेस को अपने टाइटल डिफेंस के लिए एक बड़े मौके में बदल दिया। मैकलारेन ड्राइवर ने पोल पोजीशन से शुरुआत की, लेकिन वेरस्टैपेन के क्रैश के बाद रेस दोबारा शुरू होने पर मर्सिडीज के किमी एंटोनेली से बढ़त गंवा दी। नॉरिस धीरे-धीरे उनके करीब आए और फिर 72 में से 54वें लैप पर पहले कॉर्नर के बाहर से एक साहसी चाल चली।
लुईस हैमिल्टन को भी मिली मात
उन्होंने ओवरटेक पूरा किया और उसी लैप में बाद में फेरारी के लुईस हैमिल्टन से बढ़त छीन ली। पुराने टायरों पर होने के बावजूद उन्होंने अपनी बढ़त बनाए रखी और बुडापेस्ट की जीत के बाद लगातार दूसरी जीत हासिल की। किमी एंटोनेली दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जॉर्ज रसेल ने पोडियम पर जगह बनाई। इस सीजन के बाद डच ग्रां प्री फॉर्मूला 1 कैलेंडर से हट जाएगी।
