Chlorine Leak in Nagpurs Godhni: नागपुर के गोधनी इलाके में कलेक्ट्रेट कॉलोनी के पास स्थित एक वॉटर प्लांट में टैंकर से क्लोरीन गैस के रिसाव (Chlorine Leak) का मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुए इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और कई स्थानीय निवासियों को सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा।
देर रात हुआ रिसाव
मानकापुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, रिसाव वॉटर प्लांट परिसर में खड़े एक टैंकर से देर रात हुआ। गैस के प्रभाव में आए कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद तुरंत मेयो अस्पताल और पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। क्लोरीन गैस का असर मुख्य रूप से वॉटर प्लांट के आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित रहा। हालांकि, आसपास के इलाके में क्लोरीन की गंध बनी हुई है।
प्रशासन जांच में जुटा
गैस रिसाव से कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसका सही आंकड़ा जुटाने का प्रयास प्रशासन की ओर से जारी है। अधिकारी घटना के कारणों और सुरक्षा में चूक की जांच कर रहे हैं ताकि रिसाव की वजह का सटीक पता लगाया जा सके।
