IRCTC: अगर आप कम समय में दक्षिण भारत के कुछ प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करना चाहते हैं तो ये टूर पैकेज आपके लिए बेहद खास होने वाला है। आईआरसीटीसी ने- 'हरि हर दर्शनम' नाम से बेहद ही आकर्षक और किफायती 4 दिन का टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस यात्रा में कनिपक्कम, श्रीनिवास मंगापुरम, श्रीकालहस्ती और तिरुचानूर स्थित पद्मावती मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ दक्षिण भारत की संस्कृति को करीब से समझने का मौका भी देती है। खास बात यह है कि यात्रा की शुरुआत ट्रेन से होती है और तिरुपति पहुंचने के बाद प्रमुख मंदिरों के दर्शन कराए जाते हैं।
पहला दिन
यात्रा के पहले दिन शाम को ट्रेन से सफर शुरू होगा। ट्रेन नंबर- 12734 एक्सप्रेस लिंगमपल्ली से शाम 5:30 बजे, सिकंदराबाद से शाम 6:10 बजे और नलगोंडा से शाम 7:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद रातभर ट्रेन में सफर करना होगा। यानी पहले दिन का ज्यादातर समय यात्रा में ही बीतेगा। रात ट्रेन में बिताने के बाद अगले दिन सुबह तिरुपति पहुंचेंगे।
तिरुपति से कनिपक्कम और श्रीनिवास मंगापुरम
दूसरे दिन सुबह करीब 5:55 बजे तिरुपति पहुंचने का कार्यक्रम है। स्टेशन से यात्रियों को होटल ले जाया जाएगा। यहां पहुंचने के बाद कुछ समय आराम करने और तरोताजा होने का मौका मिलेगा। इसके बाद कनिपक्कम और श्रीनिवास मंगापुरम के दर्शन के लिए रवाना होंगे। कनिपक्कम मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं के लिए काफी प्रसिद्ध है, जबकि श्रीनिवास मंगापुरम भगवान वेंकटेश्वर से जुड़ा प्रमुख तीर्थ स्थल माना जाता है। दोनों मंदिरों के दर्शन करने के बाद वापस तिरुपति के होटल लौटेंगे। रात का ठहराव भी तिरुपति में ही रहेगा।
श्रीकालहस्ती और पद्मावती मंदिर के दर्शन
तीसरे दिन सुबह होटल में नाश्ता करने के बाद चेकआउट किया जाएगा। इसके बाद यात्रा श्रीकालहस्ती की ओर आगे बढ़ेगी। यहां प्रसिद्ध श्रीकालहस्ती मंदिर के दर्शन किए जाएंगे। मंदिर के दर्शन के बाद यात्रियों को तिरुचानूर स्थित पद्मावती मंदिर ले जाया जाएगा। यह मंदिर तिरुपति की धार्मिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। यहां दर्शन करने के बाद शाम को तिरुपति रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे। शाम करीब 6:20 बजे ट्रेन संख्या 12733 एक्सप्रेस से वापसी की यात्रा शुरू होगी। इसके बाद रात ट्रेन में ही सफर करना होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गुफा के भीतर विराजमान हैं भगवान शिव, जानिए क्यों खास है श्री केशवनाथेश्वर मंदिर की यात्रा
यात्रा का समापन
यात्रा के चौथे और आखिरी दिन सुबह ट्रेन अपने निर्धारित स्टेशनों पर पहुंचेगी। ट्रेन करीब 3:15 बजे नलगोंडा, 5:35 बजे सिकंदराबाद और 6:45 बजे लिंगमपल्ली पहुंचेगी। इस तरह चार दिनों की हरि हर दर्शनम यात्रा पूरी हो जाएगी। कम दिनों में कई प्रमुख मंदिरों के दर्शन करने की वजह से यह यात्रा उन लोगों के लिए खास हो सकती है, जो धार्मिक यात्रा के साथ व्यवस्थित और सुविधाजनक सफर पसंद करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी
अपनी सहूलियत के हिसाब से आप किसी भी दिन के लिए पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड- SHR083A है। स्टेंडर्ड स्लीपर क्लास में 1 से 3 के ग्रुप में अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो दो लोगों के लिए खर्चा 8520 प्रति व्यक्ति होगा। ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 6510 है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया- 4440 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 9701360701 / 9281030712 पर संपर्क कर सकते हैं।
