INDIA Bloc Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन करने की कोशिश की। इस दौरान, उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा और देश को हाईजैक करने का आरोप लगाया।
'सांसदों के साथ की गई मारपीट'
राहुल गांधी ने कनॉट प्लेस में विपक्षी दलों के लिए आयोजित लंच के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संविधान को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारे साथ लोकसभा और राज्यसभा के 300 सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन पहले दिन हमें चुनाव आयोग के दफ्तर के पास रोका गया। फिर दूसरे दिन हमें जंतर-मंतर जाने से रोका गया और हमारे लोगों को मारा।
राहुल गांधी ने सांसदों के साथ मारपीट का आरोप लगाया और कहा कि सच्चाई ये है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने आपराधिक षड्यंत्र करके देश को हाईजैक किया है। संविधान को नष्ट किया और वोट चोरी की है। विपक्षी सांसद आपको आश्वस्त करते हैं कि कार्रवाई होगी। उन्हें सजा मिलेगी। यह हमारी गारंटी है, और आप इसे होते हुए देखेंगे।
राजघाट पर बढ़ाई गई सुरक्षा
राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बार फिर विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की कोशिश करते हुए राजघाट का रुख कर रहे हैं। पहले दिन उन्होंने चुनाव आयोग का घेराव और दूसरे दिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस और आरएसएफ सहित सुरक्षा में तैनात तमाम सुरक्षाकर्मियों ने विपक्षी सांसदों की कोशिशों पर पानी फेर दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बावजूद विपक्षी सांसदों की कोशिशें जारी हैं।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी सहित तमाम लोकसभा और राज्यसभा के तमाम विपक्षी सांसद राजघाट की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में वहां की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विपक्षी दलों के हल्ला बोल के बीच 42 पूर्व जजों ने लिखा खुला पत्र, EC को बदनाम करने की कोशिशों पर जताई चिंता
'गांधी स्मारक जा रहे सांसद'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट किया कि INDIA ब्लॉक के तमाम सांसद गांधी स्मारक जा रहे हैं। हम वहां पर धरना करेंगे और शांतिपूर्वक प्रार्थना करेंगे कि पीएम मोदी और अमित शाह को सद्बुद्धि मिले। हम देश को ये बताना चाहते हैं कि भाजपा सरकार हमसे वोट देने का अधिकार छीन रही है। पीएम मोदी और शाह उस आजादी को छीन रहे हैं, जो गांधी जी, नेहरू जी और सरदार पटेल जी जैसे महान नेताओं ने हमें दिलाई थी।
