देश

'गुंडे लाओ, पुलिस को मारो, यही है कांग्रेस का लोकतंत्र...', VIDEO शेयर कर BJP का कांग्रेस पर हमला

INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज 'इंडिया' गठबंधन के सांसद और नेता दिल्ली में एक बार फिर प्रदर्शन करने जा रहे हैं। दूसरी ओर, बीजेपी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए एक वीडियो शेयर किया है।

Image

पुलिस से मारपीट का वीडियो शेयर कर बीजेपी ने विपक्ष पर बोला बड़ा हमला (फोटो: X/@BJP4India)

INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज 'इंडिया' गठबंधन के सांसद और विपक्षी नेता एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लगातार दूसरे दिन विपक्षी नेताओं को दोपहर का भोज दे रहे हैं, जिसके बाद नेताओं के राजघाट की ओर मार्च करने की संभावना है। इस प्रदर्शन की कमान एक बार फिर राहुल गांधी संभालेंगे।

राहुल गांधी के प्रदर्शनों के दौरान अक्सर चौंकाने वाले कदम उठाने के इतिहास को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस नई दिल्ली इलाके में तुरंत रोकने के बजाय प्रदर्शनकारियों को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग (बीजेपी हेडक्वार्टर के पास) पर रोकने का प्लान बना रही है।

BJP ने वीडियो किया शेयर

राजनीतिक पारा तब और चढ़ गया जब बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो (INDIA Bloc Protest video) शेयर किया। इस वीडियो में कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते हुए दिखाया गया है। बीजेपी ने इस पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, "पुलिस वालों पर हमला, यही है कांग्रेस का लोकतंत्र।" इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस छिड़ गई है।

7 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन ने जंतर-मंतर की ओर किया था कूच

बता दें कि इससे पहले बुधवार को भी विपक्षी सांसदों ने जनपथ के एक रेस्तरां में बैठक के बाद जंतर-मंतर की तरफ कूच किया था, जिसे पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया था। हालांकि, उस दौरान राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। हालांकि, कल के भोज और प्रदर्शन से समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT) और एनसीपी (शरद पवार) के प्रतिनिधि नदारद रहे थे, जिससे गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े हुए थे। आज के इस हाई-प्रोफाइल राजनीतिक ड्रामे पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं कि आखिर यह विरोध प्रदर्शन क्या नया मोड़ लेता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article