Jamshedpur Travel Guide: झारखंड का जमशेदपुर शहर आपकी ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल हो सकता है। इस शहर की पहचान सिर्फ स्टील इंडस्ट्री के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी हरियाली, खूबसूरत झीलों, पार्कों और शांत माहौल के लिए भी है। भारत के स्टील सिटी नाम से फेमस इस शहर की स्थापना टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा ने की थी। जमशेदपुर की खास बात यह है कि यहां आपको एक तरफ आधुनिक शहर की सुविधाएं मिलती हैं, तो दूसरी तरफ प्रकृति के बेहद करीब जाने का मौका भी मिलता है। साफ-सुथरी सड़कें, हरियाली से भरे इलाके और घूमने के लिए शानदार जगहें इसे परिवार, दोस्तों या अकेले घूमने वालों के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाती हैं। अगर आप जमशेदपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इन खूबसूरत जगहों को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें।
जुबली पार्क
जुबली पार्क को जमशेदपुर का दिल कहा जाता है। करीब 225 एकड़ में फैला यह पार्क अपनी खूबसूरती और हरियाली के लिए काफी मशहूर है। इसे कई लोग जमशेदपुर का मुगल गार्डन भी कहते हैं। यहां खूबसूरत फूलों के बगीचे, हरे-भरे लॉन, फव्वारे और घूमने के लिए शानदार रास्ते बनाए गए हैं। शाम के समय यहां का माहौल और भी खूबसूरत हो जाता है। परिवार के साथ घूमने, बच्चों के साथ समय बिताने या शांत वातावरण में कुछ पल गुजारने के लिए यह जगह बिल्कुल परफेक्ट है। शाम के समय यहां होने वाला म्यूजिकल फाउंटेन शो लोगों को काफी पसंद आता है।
डिमना झील
अगर आपको प्रकृति के बीच शांति के कुछ पल बिताने हैं तो डिमना झील जरूर जाएं। दलमा पहाड़ियों के पास स्थित यह झील जमशेदपुर की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। सुबह के समय यहां का नजारा बेहद शानदार होता है। शांत पानी में आसपास की पहाड़ियों की परछाई दिखाई देती है, जो इसे फोटोग्राफी के लिए एक शानदार जगह बनाती है। यहां आप परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मना सकते हैं, बोटिंग का आनंद ले सकते हैं या फिर झील के किनारे बैठकर ठंडी हवा का मजा ले सकते हैं। खासकर सूर्योदय के समय यहां का नजारा देखने लायक होता है।
दलमा वन्यजीव अभयारण्य
अगर आपको जंगल, पहाड़ और एडवेंचर पसंद है तो दलमा वन्यजीव अभयारण्य आपके लिए बेहतरीन जगह है। जमशेदपुर से कुछ दूरी पर स्थित यह अभयारण्य अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहां घने जंगल, पहाड़ी रास्ते और कई तरह के पेड़-पौधे देखने को मिलते हैं। यहां हाथी, हिरण और कई अन्य जानवरों को देखने का मौका मिल सकता है। इसके अलावा यह जगह पक्षी प्रेमियों के लिए भी खास है, क्योंकि यहां कई तरह की पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां ट्रैकिंग का भी आनंद लिया जा सकता है। पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए आसपास के खूबसूरत नजारों को देखना एक अलग ही अनुभव देता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क
जुबली पार्क के पास स्थित टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क जमशेदपुर की लोकप्रिय जगहों में से एक है। यह जगह खासतौर पर बच्चों और परिवारों के बीच काफी पसंद की जाती है। यहां बाघ, शेर, तेंदुआ, हिरण जैसे कई जानवरों को करीब से देखने का मौका मिलता है। इस चिड़ियाघर की खास बात यह है कि यहां जानवरों के लिए बनाए गए स्थान काफी प्राकृतिक रखे गए हैं। यहां मौजूद सफारी पार्क पर्यटकों को और भी खास अनुभव देता है, जहां आप जानवरों को करीब से देख सकते हैं। अगर आप प्रकृति और वन्यजीवों को पसंद करते हैं तो इस जगह को अपनी ट्रिप में जरूर शामिल करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
रुसी मोदी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
इतिहास और टाटा समूह की विरासत को जानने के लिए रुसी मोदी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एक शानदार जगह है। यह इमारत अपनी खूबसूरत वास्तुकला, बगीचों और फव्वारों के लिए भी जानी जाती है। यहां आपको टाटा कंपनी के इतिहास और भारत के विकास में उसके योगदान से जुड़ी कई दिलचस्प जानकारियां मिलती हैं। खूबसूरत डिजाइन और शांत माहौल की वजह से यह जगह फोटोग्राफी के लिए भी काफी अच्छी है।
