क्रिकेट

IPL Auction 2027: मेंटॉर बनने के बाद क्या ऑक्शन टेबल पर रहेंगे धोनी, इरफान पठान ने दिया जवाब

आईपीएल 2027 का ऑक्शन आगामी दिसंबर 16 को होगा। धोनी आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं ऐसे में अटकलें लगाई जा रही है कि वह ऑक्शन टेबल पर भी मौजूद रहेंगे। इसको लेकर इरफान पठान ने जवाब दिया है।

Image

एमएस धोनी (साभार-X)

साल 1970 के दशक में कांग्रेस में इंदिरा गांधी के बढ़ते हुए कद को देखकर तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष देवकांत बरुआ ने "इंदिरा मतलब इंडिया" का नारा दिया था। उस वक्त वह आलोचकों के निशाने पर आ गए थे, लेकिन यह बात कम से कम सीएसके और धोनी के लिए कही जा सकती है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि सीएसके मतलब एमएस धोनी और इतने सालों में हमने यह देखा है। अब जब धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है और वह नए सीजन में बतौर मेंटॉर उतरने वाले हैं तो सवाल उठता है कि क्या वह आगामी 16 दिसंबर को होने वाले ऑक्शन टेबल पर मौजूद रहेंगे। इस सवाल का जवाब इरफान पठान ने दिया है।

पठान का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 की नीलामी के दौरान टीम प्रबंधन के साथ बोली लगाने की मेज पर नजर नहीं आएंगे। वह मेंटॉर (मार्गदर्शक) के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने और अपने अनुभव से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। आईपीएल की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।

इस महीने की शुरुआत में धोनी के आईपीएल करियर के समापन के साथ ही उन्हें सीएसके का मेंटर नियुक्त किया गया था। धोनी ने 2008 से 2026 के बीच आईपीएल के 19 सत्रों में से 17 में सीएसके का प्रतिनिधित्व किया। वह 2016 और 2017 में टीम का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि इन दो सत्रों में चेन्नई की टीम निलंबित थी।

ऑक्शन में मौजूद नहीं रहेंगे धोनी

पठान ने जियोस्टार पर कहा, ’’मैं जितना धोनी को जनता हूं, मुझे नहीं लगता कि वह नीलामी की मेज पर बैठेंगे।’’ उन्होंने कहा, ’’वह मेंटॉर हैं और नीलामी में बैठना उनकी भूमिका नहीं है। उनका काम खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाना, अपना अनुभव साझा करना, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करना और उन्हें सीएसके के लिए मैच जीतना सिखाना है। बोली लगाने और नीलामी से जुड़े फैसले टीम प्रबंधन पर छोड़ दिए जाएंगे।’’

पांच ने धोनी के पांच आईपीएल खिताबों का जिक्र करते हुए कहा, ’’धोनी चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं और जिन लोगों को अपना काम अच्छी तरह आता है, उन्हें उनकी जिम्मेदारी निभाने देते हैं। सीएसके का प्रबंधन और उसकी रणनीतिक टीम काफी मजबूत है। उसने वर्षों से खिताब जीतने वाली टीमें बनाई हैं और धोनी ने हमेशा उन पर पूरा भरोसा किया है।’’

धोनी नहीं लेते क्रेडिट

पठान ने कहा कि धोनी कभी सुर्खियों में रहने या मैदान के बाहर लिए गए फैसलों का श्रेय नहीं लेते हैं। वह अपनी नयी भूमिका में भी पर्दे के पीछे रहकर काम करना पसंद करेंगे। पठान ने कहा, ’’इसलिए अगर धोनी सीएसके की नीलामी मेज पर बैठे दिखाई देते हैं तो मुझे हैरानी होगी। मेंटोर के तौर पर वह अपने तरीके से टीम से जुड़े रहेंगे और उनका काम पर्दे के पीछे होगा।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article