देश

VIDEO: 'नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं', PM बालेन शाह के साथ संयुक्त बयान में बोले प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता में कहा, 'नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।' दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। अयोध्या से जनकपुर तक सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने, नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज और नेपाल में आईआईटी स्थापित करने समेत कई अहम फैसले लिए गए।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम बालेन शाह से की अहम बैठक। PM Modi insta handle

India-Nepal Relations: भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में सोमवार, 23 नवंबर को कई बड़े फैसले लिए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई।

इस दौरान पीएम मोदी ने राम मंदिर का जिक्र किया। भारत और नेपाल के सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से जुड़े हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। पीएम मोदी ने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, "नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।"

उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुरू होने से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना भी आसान होगा।

दोनों देशों के बीच हुआ आठ समझौते?

इस दौरान दोनों देशों ने सहयोग के आठ समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। बैठक के बाद पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान किया। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर के बीच नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह का यह पहला द्विपक्षीय भारत दौरा है। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सीमा पार कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

किन 8 समझौतों पर बनी सहमति?

भारत और नेपाल के बीच आठ क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इनमें शामिल हैं:

1. सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क और साउथ एशिया सैटेलाइट का इस्तेमाल।

2. फॉरेंसिक साइंस और पुलिस जांच में सहयोग।

3. पुलिस प्रशिक्षण और सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग।

4. दोनों देशों के सरकारी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण।

5. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में सहयोग।

6. स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में सहयोग।

7. टिकाऊ शहरी विकास में तकनीकी सहयोग।

8. पशुधन और मत्स्य पालन के विकास में सहयोग।

अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए दोनों प्रधानमंत्रियों ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुरधाम को जोड़ेगी।इस ट्रेन सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करने में सुविधा होगी। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 604 किलोमीटर की यह यात्रा लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। ट्रेन की नियमित साप्ताहिक सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।

पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये (करीब 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये) के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसका उद्देश्य नेपाल में विकास परियोजनाओं को गति देना और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में मदद करना है।

इस पैकेज में करीब 3,500 करोड़ भारतीय रुपये की अनुदान सहायता और 11,500 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट शामिल है। अनुदान राशि का इस्तेमाल पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा, जबकि लाइन ऑफ क्रेडिट से ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं को मदद मिलेगी।

नेपाल में बनेगा आईआईटी, छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप

पीएम मोदी ने नेपाल में आईआईटी स्थापित करने और स्टार्टअप इनक्यूबेटर व इनोवेशन हब विकसित करने में सहयोग का ऐलान किया। इसके अलावा नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीकी शिक्षा की स्कॉलरशिप के अवसर बढ़ाए जाएंगे। दोनों देश फूड प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क के विकास में भी सहयोग करेंगे।

सीमा, ऊर्जा और व्यापार को लेकर भी बड़े फैसले

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच सीमा पार कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग को लेकर भी कई परियोजनाओं की शुरुआत हुई। भारत और नेपाल को जोड़ने वाले धारचूला-दर्चुला मोटरेबल ब्रिज का उद्घाटन किया गया।

इसके अलावा बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई। नेपाल में 669 मेगावाट की लोअर अरुण हाइड्रोपावर परियोजना और झापा में पेट्रोलियम स्टोरेज टर्मिनल की आधारशिला भी रखी गई। दोनों देशों ने रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिक ब्रॉडगेज रेलवे के फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की जानकारी भी साझा की।

बालेन शाह ने भारत का जताया आभार

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है। उन्होंने भारत और नेपाल के रिश्तों को आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भावना पर आधारित बताया। बालेन शाह ने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित किया और प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का न्योता भी दिया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article