अध्यात्म

सावन ही नहीं, कार्तिक और अगहन में भी नगर भ्रमण पर निकलते हैं बाबा महाकाल, पुलिस जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

सावन के अलावा कार्तिक और अगहन महीने में भी बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इस दौरान मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

Image

बाबा महाकाल नगर भ्रमण

कार्तिक मास के सोमवार को उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी निकाली गई। भगवान महाकाल राजसी ठाठ-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले। बाबा की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। उज्जैन में सावन महीने की तरह ही कार्तिक और अगहन मास में भी महाकाल की सवारी निकालने की परंपरा है। कार्तिक-अगहन मास की यह दूसरी सवारी थी। इस दौरान पूरा शहर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

शाम 4 बजे मंदिर से शुरू हुई बाबा महाकाल की सवारी

बाबा महाकाल की सवारी सोमवार शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई। भगवान महाकाल नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिप्रा नदी के तट तक पहुंचे। सवारी को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रास्ते के दोनों ओर जमा हुए। भक्त घंटों तक सड़क किनारे खड़े होकर अपने आराध्य की एक झलक पाने का इंतजार करते नजर आए।

चांदी की पालकी में सवार होकर निकले राजा महाकाल

शाम को मंदिर में विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद राजा महाकाल को चांदी की पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर से बाहर लाया गया। मान्यता है कि भगवान महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए सवारी के रूप में नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इसी वजह से उज्जैन के लोगों के लिए बाबा की सवारी का विशेष महत्व है। भक्त अपने राजा के स्वागत के लिए रास्तों पर फूलों और जयकारों के साथ खड़े रहते हैं।

पुलिस जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

मंदिर के मुख्य द्वार से बाहर निकलते ही बाबा महाकाल की सवारी का पुलिस बैंड और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। सवारी में सबसे आगे घोड़े, पुलिस बैंड और पुलिस की टुकड़ी चल रही थी। इनके पीछे भजन मंडलियां बाबा महाकाल के भजनों और जयकारों के साथ आगे बढ़ रही थीं।

कार्तिक-अगहन में भी निकलती है बाबा महाकाल की सवारी

उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी केवल सावन महीने तक सीमित नहीं रहती। कार्तिक और अगहन मास में भी भगवान महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं। यह परंपरा श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास है। इन महीनों में निकलने वाली सवारी में भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं और पूरे उत्साह के साथ बाबा का स्वागत करते हैं। मान्यता और आस्था से जुड़ी यह परंपरा उज्जैन की धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article