क्रिकेट

गलती ना करें सेलेक्टर, मदन लाल ने ODI वर्ल्ड कप को लेकर टीम मैनेजमेंट से लगाई गुहार

1983 वर्ल्ड कप विनिंग टीम के सदस्य रहे मदन लाल ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम को लेकर टीम मैनेजमेंट से एक गुहार लगाई है। वनडे वर्ल्ड कप 2027 इस बार तीन देशों दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की मेजबानी में खेला जाएगा।

Image

मदन लाल (साभार-X)

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया का ऑडिशन जारी है। हर कोई अंतिम 15 का हिस्सा बनना चाहता है, लेकिन इस बीच 1983 वर्ल्ड कप विनिंग टीम के सदस्य रहे मदन लाल ने टीम मैनेजमेंट से एक खास खिलाड़ी को लेकर एक खास गुहार लगाई है। उन्होंने जिस खिलाड़ी को लेकर सिफारिश की है वह लंबे वक्त से इस फॉर्मेट का हिस्सा नहीं हैं। टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी का कोई जवाब नहीं है, लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में वापसी के लिए वह संघर्ष कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जिन्होंने वेलिंगटन टेस्ट में चोट के बाद वापसी की थी और 128 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उनकी इस दमदार और तेज-तर्रार पारी की बदौलत भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड में एक पारी में 700 प्लस रन बनाए।

मदन लाल ने लगाई टीम मैनेजमेंट से गुहार

ऋषभ पंत को लेकर मदन लाल ने एएनआई से बात करते हुए कहा 'मुझे नहीं लगता कि पंत कभी भी आउट ऑफ फॉर्म रहे हैं। मैंने उन्हें शायद ही कभी फॉर्म के लिए संघर्ष करते देखा हो। वह एक जबरदस्त खिलाड़ी हैं और सबसे अलग हैं। वह एक कॉन्फिडेंट क्रिकेटर हैं जो बिना किसी डर के अपना नेचुरल गेम खेलते हैं।

व्हाइट बॉल सेटअप में हों शामिल

मदन लाल ने कहा 'ईमानदारी से कहूं तो मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें इंडिया के T20 और ODI सेटअप से बाहर क्यों रखा गया, चाहे यह सेलेक्टर्स का फैसला हो या कुछ और। शायद किसी समय फिटनेस एक चिंता का विषय रही होगी, लेकिन आप उनके जैसे काबिल खिलाड़ी को नजरअंदाज़ नहीं कर सकते।

टीम मैनेजमेंट को उन्हें वर्ल्ड कप 2027 टीम से बाहर रखने की गलती नहीं करनी चाहिए। वह इसके हकदार हैं और आपको उन्हें वर्ल्ड कप में ले जाना चाहिए।' इस बार का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। यह वर्ल्ड कप रोहित शर्मा और विराट के लिए आखिरी होगा और ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह काफी अहम रहने वाला है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article